
देहरादून। उत्तराखंड (Uttarakhand) की राजनीति में कांग्रेस विधायक हरीश धामी (Congress MLA Harish Dhami) के एक पत्र ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। धारचूला से विधायक धामी ने राज्यपाल (Governor) को पत्र भेजकर अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Chief Minister Pushkar Singh Dhami) पर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी सुरक्षा में तैनात गनर को हाल ही में बदल दिया गया है। विधायक का दावा है कि नए गनर के माध्यम से उनकी हर गतिविधि की जानकारी सरकार तक पहुंचाई जा रही है।
हरीश धामी ने पत्र में आशंका जताई है कि इस बदलाव से उनकी सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है और उनकी हत्या तक कराई जा सकती है। उन्होंने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
गनर बदलने पर उठाए सवाल
कांग्रेस विधायक के मुताबिक, पहले उनकी सुरक्षा में तैनात गनर को हटाकर नया गनर लगाया गया है। उन्हें संदेह है कि नए गनर के जरिए उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और इससे जुड़ी सूचनाएं सरकार तक पहुंचाई जा रही हैं। इसी आधार पर उन्होंने अपनी जान को खतरा होने की आशंका जाहिर की है।
विधायक का पत्र सामने आने के बाद प्रदेश की सियासत में इस मुद्दे पर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, मुख्यमंत्री कार्यालय और भाजपा की ओर से इन आरोपों पर अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। फिलहाल इस मामले में सरकार का पक्ष सामने आना बाकी है।
जौलजीबी मेले में भी हुआ था विवाद
हरीश धामी इससे पहले भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को लेकर दिए गए बयानों के कारण चर्चा में रहे हैं। 14 नवंबर को पिथौरागढ़ के ऐतिहासिक जौलजीबी मेले में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उनका विवाद हो गया था। उस समय हरीश धामी कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम से रवाना होने के बाद विधायक ने आरोप लगाया था कि उन्हें मंच से अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया गया और उनका माइक बंद कर दिया गया। इस बात से नाराज होकर उन्होंने मंच पर माइक फेंक दिया था। इसके बाद साउंड सिस्टम से जुड़े कर्मचारियों के साथ उनकी तीखी बहस हुई। उनके समर्थकों ने भी हंगामा किया, जिसके चलते मौके पर मौजूद पुलिस को स्थिति संभालने के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा।
मुख्यमंत्री को चुनाव लड़ने की दी थी चुनौती
इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। विवाद के दौरान हरीश धामी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ‘कायर धामी’ कहते हुए उन्हें धारचूला से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी। वहीं, भाजपा के जिला मंत्री रघुवीर सिंह ने विधायक के इस व्यवहार की आलोचना की थी। अब राज्यपाल को लिखे पत्र में सुरक्षा को लेकर जताई गई आशंका ने प्रदेश की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा कर दिया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved