
सागर। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के सागर जिले (Sagar district) से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक मां ने अपने चार मासूम बच्चियों को कुएं में फेंक दिया। इसके बाद खुद फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पानी की सतह पर शव तैरता देख लोगों के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू की। यह पूरा मामला केसली थाना अंतर्गत टड़ा चौकी क्षेत्र के ग्राम खमरिया गांव का है।
कुएं से उतराते मिली मासूमों की लाशें
पुलिस के अनुसार, सविता लोधी (30) पति चंद्रभान लोधी ने अपनी चारों बेटियों को हरपाल घोसी के खेत में स्थित कुएं में फेंक दिया। पानी में डूबने से सभी बच्चियों की मौत हो गई। सबसे बड़ी बेटी की उम्र मात्र 7 वर्ष थी। बच्चियों को मौत के घाट उतारने के बाद सविता ने घर के अंदर फांसी लगा ली। बताया जा रहा है कि सविता ने अपनी चार बेटियों अंशिका (7), रक्षा (5), दीक्षा (3) और मनीषा (5 माह) को कुएं में फेंक दिया। इसके बाद उसने घर में ही फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
गांव में मातम
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर केसली थाना पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कुएं से तीन बच्चियों के शव बरामद कर लिए हैं, जबकि 5 माह की मासूम मनीषा की तलाश जारी है। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से कुएं में बच्ची की खोजबीन की जा रही है।
पूछताछ जारी
फिलहाल इस आत्मघाती कदम के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved