
खरगोन। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के खरगोन जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिले के रामपुरा क्षेत्र में बीजेपी के सेवरी धाम मंडल के सोशल मीडिया प्रभारी साहेब राम चौहान की अज्ञात बदमाशों द्वारा निर्मम हत्या कर दी गई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों तथा समर्थकों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना देर रात की है। रामपुरा में बाइक पर सवार होकर आए दो अज्ञात हमलावरों ने बीजेपी नेता साहेब राम चौहान पर हमला कर दिया और उनकी हत्या कर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से भागने में सफल रहे, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
परिजनों का गुस्सा और नेशनल हाईवे पर चक्काजाम
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में गहरा रोष फैल गया। आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों व समर्थकों ने भीकनगांव थाने के सामने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
आरोपियों के जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। मृतक साहेब राम चौहान के शव को भीकनगांव के शासकीय अस्पताल पहुँचाया गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। हाईवे पर प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत कराने के लिए थाना प्रभारी और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने जल्द से जल्द आरोपियों को दबोचने का कड़ा आश्वासन दिया है, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही और आरोपियों की तलाश में विभिन्न् टीमों को रवाना कर दिया गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved