
भोपाल। केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने रविवार को मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के रायसेन के उमरिया गांव में औबेदुल्लागंज के दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में रेल कोच इकाई (Rail Coach Unit) का भूमिपूजन किया। भारत अर्थ मूवर्स परियोजना (Bharat Earth Movers Project) द्वारा भोपाल जिले की सीमा के पास रायसेन के ग्राम उमरिया में 60 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर 1800 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाली ब्रह्मा परियोजना (BEML Rail Hub for Manufacturing) से राजधानी भोपाल सहित रायसेन, सीहोर और विदिशा आदि जिलों को लाभ होगा।
इन जिलों के तकनीकी संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। परियोजना में 5 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलना प्राप्त होगा। मेट्रोपोलिटन सिटी के रूप में विकसित हो रहे भोपाल क्षेत्र को इस परियोजना से बहुत लाभ होगा। केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) की सराहना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज का दिन एक अलग चमक लेकर आया है। ब्रह्मा परियोजना के प्रति प्रतिबद्धता दिखाने के लिए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह एवं रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों का आभारी हूं। जब से हमारी सरकार बनी है। वर्ष 2023 के बाद से 3600 करोड़ की औद्योगिक विकास की सौगात मिल गई है। बीईएमएल मूलरूप से रक्षा क्षेत्र के लिए कार्य करता है। अब भोपाल में मेट्रो शुरू होने से पहले उसके कोच निर्माण भी होने लगेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जी ने नेतृत्व में डोकलाम जैसे मामले में भारत ने अपनी सुरक्षा के साथ पड़ोसियों की भी सुरक्षा की है। भारत अपनी उत्पादन क्षमता के साथ दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रहा है। रायसेन जिले के उमरिया को और प्रदेश को आज एक बड़ी सौगात मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश के साथ केन-बेतवा लिंक परियोजना पर कार्य शुरू हो गया है। एक लाख करोड़ की इस परियोजना से किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल मिलेगा। पीकेसी परियोजना से मालवा क्षेत्र को भरपूर जल मिलेगा। औबेदुल्लागंज क्षेत्र के 5000 लोगों को रोजगार मिलेगा। बाढ़-बारिश से प्रभावित लोगों की हर संभव मदद के लिए सरकार साथ है। लोगों को पट्टे दिलाएंगे, मकान बनवाएंगे। स्कूल कॉलेज भी बनाएंगे। मध्य प्रदेश अपना उत्पादन बढ़ाते हुए स्वदेशी अभियान के लिए कृत संकल्पित है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भारतीय रेलवे ने पिछले 11 वर्षों में अभूतपूर्व प्रगति की है। इस अवधि में 35 हजार किलोमीटर नई पटरियां बिछाई गईं, 51 हजार किलोमीटर ट्रैक का विद्युतीकरण हुआ और कई नई ट्रेनें शुरू की गईं। रेल मंत्री ने बताया कि अब तक 40 हजार से अधिक कोचों को लाइट वेट कोच में अपग्रेड किया गया है। उन्होंने कहा कि आज विकास की इस कड़ी में एक नया मोती जुड़ने जा रहा है, जो पीएम के स्वदेशी संकल्प का एक और उदाहरण है। उन्होंने घोषणा की कि मध्य प्रदेश को रेलवे के मैन्यूफैक्चरिंग और एक्सपोर्टिंग का केंद्र बनाया जाएगा। इस नई फैक्ट्री से 5000 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। रेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य है कि “मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड” और यह परियोजना उसी दिशा में एक बड़ा कदम है।
‘ब्राह्मा’ संयंत्र पूरी तरह ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करेगा। संयंत्र में उपयोग होने वाली अधिकांश तकनीक और सामग्री देश में विकसित व निर्मित की जाएगी, जिससे विदेशी निर्भरता कम होगी। यह परियोजना प्रदेश को रक्षा निर्माण के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इस संयंत्र के निर्माण में पर्यावरणीय मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। यहां शून्य तरल अपशिष्ट प्रणाली, सौर एवं नवीकरणीय ऊर्जा का उपयोग, वर्षा जल संचयन और हरित लैंडस्केपिंग को अपनाया जाएगा। निर्माण में पुनर्नवीनीकृत और टिकाऊ सामग्री का प्रयोग करते हुए इसे हरित फैक्ट्री मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved