
वाराणसी: देशभर में हुए पेपर लीक विवाद के बाद रविवार (21 जून, 2026) को री-NEET-UG परीक्षा फिर से आयोजित हुई. री-NEET-UG परीक्षा के दौरान वाराणसी से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. दरअसल, परीक्षा में किसी भी तरफ की गड़बड़ी रोकने के लिए सरकार और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे, लेकिन नकलचियों के हौसले फिर भी पस्त नहीं हुए. वाराणसी के एक परीक्षा केंद्र पर चेकिंग के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने एक ऐसे संदिग्ध छात्र को दबोचा है, जिसने नकल करने के लिए बेहद अजीबोगरीब तरीका अपनाया हुआ था.
दरअसल, चेकिंग के दौरान अभ्यर्थी के अंडरगारमेंट्स से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और पुराना प्रश्नपत्र और ग्लू बरामद हुई, जिसे वो छिपाकर एग्जाम हॉल में घुसने की फिराक में था. कोतवाली थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया है. यह पूरा मामला वाराणसी शहर के मैदागिन इलाके में स्थित श्री हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र का है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब केंद्र पर परीक्षा शुरू होने वाली थी, तभी मुख्य गेट पर अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग (कड़ी तलाशी) और बायोमेट्रिक जांच का काम चल रहा था. इसी दौरान तैनात सुरक्षाकर्मियों को एक अभ्यर्थी की हरकतें थोड़ी अजीब और संदिग्ध लगीं. शक होने पर पुलिस ने जब उसकी गहनता से जांच की, तो वहां मौजूद हर कोई हैरान रह गया. छात्र ने अपने अंडरगारमेंट्स में एक चालू मोबाइल फोन, एक एक्स्ट्रा सिम, पिछले दिनों आयोजित हुई NEET परीक्षा का पुराना प्रश्नपत्र, ग्लू (गोंद) के छोटे-छोटे पैकेट और फेविकोल की एक छोटी डिब्बी छिपाकर रखी थी.
इस प्रतिबंधित सामान के मिलते ही परीक्षा केंद्र पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. मौके पर तैनात कोतवाली पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में लेकर सामान जब्त कर लिया. पुलिस की शुरुआती पूछताछ में पकड़े गए परीक्षार्थी ने अपना नाम प्रिंस दुबे बताया है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का रहने वाला है. उसने पुलिस को दिए बयान में कुबूल किया कि वह मध्य प्रदेश के जबलपुर में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की कोचिंग कर रहा था और वह वाराणसी में केवल इस री-नीट परीक्षा को देने के लिए आया था.
फिलहाल पुलिस छात्र के परिवार वालों से संपर्क साधने की कोशिश कर रही है. इसके साथ ही इस बात की भी गहनता से तफ्तीश की जा रही है कि क्या प्रिंस दुबे किसी बड़े सॉल्वर गैंग या संगठित नकल माफिया से जुड़ा हुआ है. पुलिस उसके पास से बरामद मोबाइल और सिम कार्ड के कॉल डिटेल्स खंगाल रही है ताकि किसी बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved