भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

प्रदेश में सत्ता और संगठन के लिए अहम होगा नया साल

  • मंत्रिमंडल में बदलेंगे चहेरे, बड़ी होगी प्रशासनिक सर्जरी, संगठन का बदलेगा ढर्रा

भोपाल। नया साल प्रदेश में सत्ता और संगठन के लिए काफी होने वाला है। साल की शुरूआत मंत्रिमंडल विस्तार एवं फेरबदल, बड़ी प्रशासनिक जमावट एवं संगठन में बड़े बदलाव से हो सकती है। क्योंकि ये बड़े फैसले जनवरी में ही होने की संभावना है। अधिकारियों के तबादले और मंत्रिमंडल विस्तार विधानसभा उपचुनाव के बाद से लगातार टलते जा रहे हैं। जनवरी में अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों का प्रमोशन भी होना है। ऐेसे में प्रमोट होने वाले अफसरों की नई पदस्थापना होगी। अगले विधानसभा सत्र के स्पीकर एवं डिप्टी स्पीकर का चुनाव होना लगभग तय है।

मंत्रिमंडल विस्तार जल्द
शिवराज सिंह चौहान अपने मंत्रिमंडल का जनवरी में विस्तार कर सकते हैं। अभी मंत्रियों की संख्या 31 है। जबकि 1 जनवरी के बाद इमरती देवी और गिर्राज दंडौतिया मंत्री नहीं रहेंगे। वे 6 महीने का कार्यकाल पूरा कर रहे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री अगले एक पखवाड़े के भीतर विस्तार कर सकते हैं। जिसमें पूर्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और सिलावट को मंत्री बनाना तय है। करीब आधे मंत्रियों के विभागा बदलेंगे और जिलों का प्रभार भी मिलेगा।

कलेक्टर से लेकर मंत्रालय तक बदलेंगे अफसर
इस महीने मुख्यमंत्री बड़ा प्रशासनिक फेबदल कर सकते हैं। वे आधे से ज्यादा जिलों के कलेक्टर, एसपी को बदलने के मूड में है। इस महीने अधिकारियों के प्रमोशन होना है। संभवत: मंत्रिमंडल विस्तार के तत्काल बाद प्रशासनिक सर्जरी होगी। इस साल 11 आईएएस अफसर पदोन्नत होंगे। इनमें चार प्रमुख सचिव से एसीएस बनेंगे, चार अफसर सचिव से प्रमुख सचिव और तीन अफसर सचिव पदोन्नति होंगे। इनकी नई सिरे से पदस्थापना हो सकती है।

इन्हें मिलेगी पदोन्नति
1990 बैच के आईएएस अजीत केसरी, पंकज राग, अशोक शाह और अलका उपाध्याय पद उपलब्ध होने पर एसीएस बनेंगे। इसी तरह 1997 बैच के अफसर सुखवीर सिंह, मनीष सिंह, राघवेंद्र कुमार सिंह और गुलशन बामरा प्रमुख सचिव पद पर प्रमोट होंगे। इसके लिए डिपार्टमैंटल प्रमोशन कमेटी की बैठक होने की औपचारिकता बाकी है। 2005 बैच के अफसर राहुल जैन, जीवी रश्मि और संजीव सिंह सचिव पद पर प्रमोट होंगे। इनमें जैन केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ हैं।

संगठन का बदल जाएगा चेहरा
इस महीने मप्र भाजपा का पूरा चेहरा बदल सकता है। क्योंकि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा इस महीने अपनी नई टीम का ऐलान कर सकते हैं। टीम में नए चेहरों को जगह मिलने की संभावना है। इसके बाद मोर्चा, जिलों में भी टीम बनेगी। इनमें भी नए चेहरों को जगह दी जाएगी। इस बार मप्र भाजपा में बड़ा बदलाव की संभावना है। मप्र भाजपा के प्रदेश प्रभारी पी मुरलीधर इसके संकेत दे चुके हैं कि प्रदेश की टीम कभी भी घोषित की जा सकती है। भाजपा की नई टीम प्रदेश में सियासत को नई दिशा देगी।

Share:

Next Post

प्रदेश में कल से खुलेंगे कॉलेज, बंद रहेंगे हॉस्टल

Thu Dec 31 , 2020
20 जनवरी को सभी जिलों के आपदा प्रबंधन की बैठक के बाद आगे निर्णय होगा भोपाल। राज्य सरकार ने प्रदेश में 1 जनवरी से सभी शासकीय और अशासकीय कॉलेज खोलने की मंजूरी दे दी है। कॉलेज भी स्कूल की तरह ही लगाए जाएंगे। 1 से लेकर 10 जनवरी तक केवल प्रैक्टिकल के लिए क्लास लगाई […]