वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) का नोबेल पुरस्कार (Nobel Prize) वाला सपना पूरा होने के आसार कम ही है। हालांकि राष्ट्रपति ट्रंप रोजाना इसका जिक्र नहीं भूलते। मंगलवार को उन्होंने फिर इसका जिक्र करते हुए कहा कि अगर उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार नहीं दिया जाता है, तो यह अमेरिका का अपमान होगा। इस दौरान ट्रंप ने भारत पाकिस्तान सहित कई युद्धों को रुकवाने के दावे को भी दोहराया।
शीर्ष अमेरिकी सैन्य अधिकारियों की एक सभा को संबोधित करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने नाराजगी जताते हुए कहा कि नोबेल उन्हें ना देकर किसी व्यक्ति को दे दिया जाएगा जिसने कोई मेहनत नहीं की होगी। ट्रंप ने कहा, “क्या मुझे नोबेल पुरस्कार मिलेगा? बिल्कुल नहीं। वे इसे किसी ऐसे आदमी को देंगे जिसने रत्ती भर भी काम नहीं किया हो।” उन्होंने आगे कहा, “यह हमारे देश के लिए एक बड़ा अपमान होगा।”
बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप ने सात अंतर्राष्ट्रीय युद्धों को रोकने का क्रेडिट लेने लिया है, जिनमें भारत और पाकिस्तान के बीच बनी जंग जैसी स्थिति के अलावा, इजरायल और ईरान, आर्मेनिया और अजरबैजान, कांगो और रवांडा, सर्बिया और कोसोवो, मिस्र और इथियोपिया, और थाईलैंड और कंबोडिया के बीच के संघर्ष शामिल हैं। हालांकि भारत ने ट्रंप के मध्यस्थता के दावों को सिरे से खारिज किया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved