बड़ी खबर राजनीति

अपनों पर नहीं भाजपा पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ करे कांग्रेस: सिब्बल

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी में नेतृत्व के मुद्दे पर शुरू हुई खींचतान का असर अब भी उसकी राजनीतिक गतिविधियों में देखऩे को मिल रहा है। वहीं 23 नेताओं द्वारा संगठनात्मक बदलाव को लेकर पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष को लिखे पत्र के बाद लगता है ‘आपसी भरोसा’ जैसा शब्द कहीं खो गया है। इस बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस की राजनीति में जितिन प्रसाद को निशाना बनाए जाने पर तीखे शब्दों का प्रयोग किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनों पर नहीं बल्कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ करने की जरूरत है।

दरअसल, उत्तर प्रदेश की लखीमपुर खीरी कांग्रेस कमेटी ने पांच प्रस्ताव पारित किए हैं। इनमें से एक में मांग की गई है कि जितिन प्रसाद के खिलाफ कार्रवाई की जाए। ऐसा इसलिए, क्योंकि जितिन प्रसाद उन 23 नेताओं में शामिल थे, जिन्होंने कांग्रेस के संगठन में व्यापक बदलाव, सामूहिक नेतृत्व और पूर्णकालिक अध्यक्ष की मांग को लेकर हाल ही में सोनिया गांधी को पत्र लिखा था।

इसी बात को लेकर गुरुवार को कपिल सिब्बल ने ट्वीट कर कहा कि “दुर्भाग्यपूर्ण है कि उत्तर प्रदेश में जितिन प्रसाद को आधिकारिक रूप से निशाना बनाया जा रहा है। कांग्रेस को अपने लोगों पर नहीं, बल्कि भाजपा को सर्जिकल स्ट्राइक से निशाना बनाने की जरूरत है।”

सिब्बल के इस ट्वीट पर कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने भी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने ट्वीट में ‘भविष्य ज्ञानी’ शब्द लिखा। उल्लेखनीय है कि सोनिया गांधी को पत्र लिखने वाले 23 नेताओं में सिब्बल और जितिन प्रसाद के साथ मनीष तिवारी भी शामिल थे। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी का नेतृत्व संभालें: संजय राऊत

Thu Aug 27 , 2020
मुंबई। शिवसेना प्रवक्ता संजय राऊत ने कहा कि राहुल गांधी का कांग्रेस का नेतृत्व सभालना चाहिए। राऊत ने कहा कि इस समय देश में एक मजबूत विपक्ष की जरुरत है,इसलिए कांग्रेस को मजबूत विपक्ष की भूमिका पूरी ताकत से निभाना आवश्यक है। संजय राऊत ने गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि कांग्रेस पार्टी में नेतृत्व […]