
इंदौर। देश की राजधानी दिल्ली के विधानसभा चुनाव के लिए कल मतदान हो जाने के बाद अब यह उम्मीद जागी है कि प्रदेश में भाजपा अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया तेज गति से शुरू होगी। अब तक मध्यप्रदेश के चुनाव अधिकारी सहित भाजपा के केंद्रीय नेता दिल्ली विधानसभा चुनाव के प्रचार में लगे हुए थे। भारतीय जनता पार्टी के संगठन चुनाव के तहत प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन के लिए पार्टी द्वारा 2 जनवरी को चुनाव अधिकारी की नियुक्ति की गई थी।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को मध्यप्रदेश का चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया था। जब नियुक्ति की गई थी उस समय पर यह ऐलान किया गया था कि 15 जनवरी तक मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष का निर्वाचन पूर्ण करते हुए नियुक्ति कर दी जाएगी। अब तो जनवरी का महीना भी पूरा निकल चुका है, लेकिन अभी तक चुनाव अधिकारी मध्यप्रदेश ही नहीं आ सके हैं। इस स्थिति के चलते हुए अब तक मध्यप्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया ही शुरू नहीं हो सकी है। इस बारे में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का अभियान चल रहा था। दिल्ली का यह चुनाव भाजपा के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
इस स्थिति के चलते हुए मध्यप्रदेश के लिए नियुक्त किए गए चुनाव अधिकारी धर्मेंद्र प्रधान प्रदेश में नहीं आ सके हैं। सभी केंद्रीय नेता अभी तक दिल्ली विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान में लगे हुए थे। दिल्ली के चुनाव के लिए कल मतदान भी हो गया। अब 8 फरवरी को मतगणना होना है। ऐसी स्थिति में अब यह संभावना बढ़ गई है कि चुनाव अधिकारी द्वारा जल्द ही मध्यप्रदेश आकर औपचारिक रूप से चुनाव की प्रक्रिया को शुरू कर दिया जाएगा। ऐसा समझा जा रहा है कि 8 फरवरी को ही चुनाव अधिकारी प्रधान मध्यप्रदेश आ सकते हैं। यदि वे उस दिन नहीं आते हैं तो फिर दिल्ली का चुनाव परिणाम उस दिन आ जाने के बाद उनका दौरा होगा। इस दौरे में उनके द्वारा सभी विधानसभा क्षेत्रों से निर्वाचित किए गए प्रदेश प्रतिनिधि से नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम को लेकर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश के सभी 62 अध्यक्षों से भी चर्चा की जाएगी।
15 फरवरी तक हो जाएगी नियुक्ति
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नियुक्ति का कार्य 15 फरवरी तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इस लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए ही अब चुनाव की प्रक्रिया को तेज गति के साथ चलाया जाएगा। अब तक इस चुनाव प्रक्रिया में जो ढीलपोल हुई है उसे अब तेज गति से काम करते हुए दूर कर दिया जाएगा।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved