भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

अब न गुमेगी न कोई जला पाएगा कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका

  • पोर्टल पर दर्ज हो रही पेंशन, वेतन और उत्तराधिकारी की जानकारी
  • एकीकृत वित्तीय प्रबंधन सूचना प्रणाली के तहत तैयार हो रहा डाटाबेस

भोपाल। शासकीय कर्मचारियों की नौकरी के दौरान तैयार होने वाले महत्वपूर्ण दस्तावेज सेवा पुस्तिका (सर्विस बुक) के अब न तो गुम होने का डर होगा, न ही कोई इसे फाड़ सकेगा, न ही जला पाएगा। न ही इसमें छेड़छाड़ कर सकेगा। राज्य के शासकीय विभागों को अपने कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका को संभालने का भी झंझट नहीं रहेगा। ऐसा इसलिए हो रहा है कि प्रदेश के सभी साढ़े छह लाख कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका अब एक पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। सामान्य प्रशासन विभाग के अलावा कोष एवं लेखा विभाग हर कर्मचारी से जानकारी जुटा रहा है।



एक तरफ एकीकृत वित्तीय प्रबंधन सूचना प्रणाली (आईएफएमआईएस) के पोर्टल पर कोष एवं लेखा विभाग हर कर्मचारी का डाटाबेस तैयार कर रहा है, तो दूसरी तरफ सामान्य प्रशासन विभाग में सेवा पुस्तिका को डिजिटल रूप दिया जा रहा है। कोष एवं लेखा विभाग के पोर्टल पर हर कर्मचारी से पेंशन, वेतन, उत्तराधिकारी, परिवार आदि की जानकारी मांगी जा रही है। प्रदेश के शासकीय विभागों के 211 कार्यालयों से यह जानकारी जुटाई जा रही है। राज्य शासन इस काम को तेजी से पूरा करना चाहता है। जानकारी देने की समयावधि फरवरी अंत तक तय की गई है।

कर्मचारी की मौत के बाद उत्तराधिकारी को लेकर नहीं होगा विवाद
कई बार कर्मचारी की मौत के बाद उसकी पेंशन और अन्य दावों को लेकर उत्तराधिकारियों के बीच भी विवाद खड़े हो जाते हैं। पोर्टल पर सेवा पुस्तिका में कर्मचारी पहले ही अपने प्रथम उत्तराधिकारी और उसके न रहने की स्थिति में अन्य उत्तराधिकारियों और परिवार के बारे में स्पष्ट करेगा। तब उसके न रहने के बाद भी उत्तराधिकार को लेकर विवाद पैदा नहीं हो पाएगा। एक कर्मचारी के लंबे सेवाकाल के दौरान एक जगह से दूसरी जगह तबादले होने से उसकी सेवा पुस्तिका भी एक से दूसरे जिले में घूमती रहती है। कर्मचारी की इस यात्रा में उसकी सेवा पुस्तिका कई बार फटेहाल हो जाती है। कर्मचारियों के बीच वैमनस्य के कारण किसी की सेवा पुस्तिका में से जानबूझकर कुछ पन्नो फाड़ दिए जाते हैं या काटछांट कर दी जाती है। पोर्टल पर आ जाने से अब यह कारस्तानी करना संभव नहीं होगा।

Share:

Next Post

उप्र में बोले मुख्यमंत्री चौहान... आज के औरंगजेब हैं अखिलेश यादव

Mon Feb 21 , 2022
अखिलेश यादव को समझाया बाबा का मतलब भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को उत्तर प्रदेश के देवरिया में चुनावी जनसभा में समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव आज के औरंगजेब हैं, जो अपने बाप का नहीं हुआ, वह आपका क्या होगा। सीएम शिवराज ने कहा, यह […]