
नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए पहले फेज की वोटिंग हो चुकी है. पहले चरण में हुए बंपर मतदान से बीजेपी गदगद नजर आ रही है. सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने इसे फेक नेरेटिव करार दिया है और इसमें SIR की भूमिका को लेकर सवाल उठाए हैं. ऐसे में अब दूसरे और आखिरी चरण की वोटिंग को लेकर बंगाल में सियासी गहमागहमी जारी है. इसी बीच शनिवार (25 अप्रैल) को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बारानगर में रोड शो किया.
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के रोड शो के दौरान बारानगर में लोगों की भीड़ देखने को मिली. बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह फूल माला पहनाकर उनका स्वागत किया. इस दौरान नितिन नवीन ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा.
अरविंद केजरीवाल के आज पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार करने को लेकर न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में नितिन नवीन ने कहा, “जिस नेता के प्रति अब कोई आकर्षण नहीं बचा है, जिस नेता के भ्रष्टाचार से पूरा देश तंग आ चुका है. मैं मानता हूं कि ऐसे नेता के लिए प्रचार करने का नैतिक कर्तव्य कहां रह जाता है? अभी और भी खेल खेले जाएंगे.”
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राघव चड्ढा और आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई राज्यसभा सांसदों के बीजेपी में शामिल होने पर कहा, “डूबती नाव पर कौन सवार होगा. पहले आम आदमी पार्टी डूबी, अब टीएमसी डूबेगी. विपक्ष विलुप्त होने के कगार पर है.”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved