देश मनोरंजन

सुशांतसिंह राजपूत मामले पर सीएम उद्धव ठाकरे बोले- सबूत है तो मेरे पाए लाएं, होगी जांच

मुंबई। दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत  की मौत के मामले में अब राजनीति शुरू हो गई है। एक ओर जहां सुशांत के फैन्स महाराष्ट्र सरकार और मुंबई पुलिस पर सवालिया निशाना लगा रहे हैं तो वहीं राजनीतिक दल और उसके नेता शिवसेना की अगुवाई वाली महाविकास अघाड़ी सरकार से मांग कर रहे हैं कि मामले की CBI जांच कराई जाए।  इन सबके बीच शुक्रवार को राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि मुंबई पुलिस अक्षम नहीं है। यदि किसी के पास कोई सबूत है तो वो हमारे पास ला सकते हैं और हम आरोपियों से पूछताछ करेंगे और दोषी पाए जाने पर सजा देंगे। इस मामले को महाराष्ट्र और बिहार के बीच विवाद पैदा करने के बहाने के रूप में इस्तेमाल न करें। सीएम ने कहा कि इस मामले में राजनीति करना सबसे गलत काम है। इस बीच सुशांतसिंह की बहन ने प्रधानमंत्री से अपील की है कि प्लीज आप इसे देखिए।
ठाकरे ने विधान सभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फड़नवीस की यह कहते हुए आलोचना की कि उन्होंने पांच साल तक राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में सेवा देने के बावजूद मुंबई पुलिस की क्षमता पर संदेह किया।  सीएम ने कहा कि राज्य पुलिस और मुंबई पुलिस कोविड-19 महामारी से लड़ रहे हैं। वे कोरोना योद्धा हैं और उन पर भरोसा नहीं करना उनका लिए अपमान है। मैं सभी सुशांत सिंह राजपूत के प्रशंसकों को बताना चाहूंगा कि उन्हें मुंबई पुलिस पर भरोसा करना चाहिए और जो भी जानकारी आपके पास है (केस के बारे में) वो पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि लोगों को मुंबई पुलिस द्वारा इस हाई-प्रोफाइल मामले में की जा रही मुंबई पुलिस की जांच पर भरोसा करना चाहिए।

इस बीच सुशांत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने एक पोस्ट के जरिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सोशल मीडिया पर इंसाफ के लिए गुहार लगाई हैं। सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने पीएम मोदी से अपील की है कि मामले को संज्ञान में लिया जाए। उन्होंने लिखा- उनके भाई का इंडस्ट्री में कोई गॉड फादर नहीं था। हम बेहद साधारण परिवार से है। बस उनका भाई इकलौता स्टार बॉलीवुड में हमारे परिवार से था। आपसे प्रार्थना है किमामले को संज्ञान में लीजिए। सुशांत मामले में सच बाहर आए और सबूतों के साथ छेड़छाड़ न की जाए।
दूसरी ओर इस मामले में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती की मुसीबतें बढ़ती जा रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय ने शुक्रवार को अभिनेत्री और उनके परिवार के खिलाफ बिहार पुलिस की प्राथमिकी के आधार पर धनशोधन का एक मामला दर्ज कर लिया है। बिहार पुलिस की इस प्राथमिकी में राजपूत के पिता ने रिया और उनके परिवार के सदस्यों पर अपने बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। इस बीच 28 वर्षीय रिया ने उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी पर चुप्पी तोड़ते हुए कहा ‘सत्यमेव जयते’। उन्होंने अपने वकीलों के माध्यम से जारी वीडियो वक्तव्य में कहा कि उन्हें भगवान पर और कानून पर भरोसा है। राजपूत की मौत के मामले में सीबीआई जांच की मांग दिन प्रतिदिन जोर पकड़ती जा रही है। शुक्रवार को लोजपा नेता और केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान ने कहा कि केवल केंद्रीय एजेंसी ही इस मामले में इंसाफ कर सकती है।

 

Share:

Next Post

कोरोनाः पिछले 24 घंटे में आए 57 हजार नए केस, देश में 17 लाख के करीब पहुंचा आंकड़ा

Sat Aug 1 , 2020
नई दिल्ली। देश में कोरोना का संक्रमण का फैलाव जारी है। शनिवार को एक दिन में अब तक के सबसे ज्यादा केस आए। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार एक दिन में 57, 118 मामले आए. बताया गया कि बीते 24 घंटे में 764 लोगों की मौत हो गई. वहीं 1 […]