भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

बूथ के त्रिदेव भाजपा की संगठनात्मक ताकत

  • संत हिरदाराम नगर में त्रिदेव प्रशिक्षण कार्यक्रम में बोले प्रदेश अध्यक्ष
  • प्रदेश के 1070 मंडलों में हो रहा बूथ अध्यक्ष, महामंत्री और बीएलए का प्रशिक्षण वर्ग

भोपाल। हमारा बूथ भाजपा की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। बूथ अध्यक्ष, महामंत्री और बीएलए जिसे हमने त्रिदेव की संज्ञा दी है, यही भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक ताकत है। जो भारतीय जनता पार्टी को आगे ले जाने का काम करते हैं। बूथ विस्तारक अभियान में हमने प्रदेश के 65 हजार बूथों में से 61 हजार बूथों को डिजिटल किया है। प्रशिक्षण के बाद हमें पन्ना प्रमुख और पन्ना समितियों को डिजिटल बनाने के काम में जुटना है। यह बात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने संत हिरदाराम नगर मंडल के त्रिदेव प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए कही। प्रशिक्षण वर्ग को विधायक रामेश्वर शर्मा, जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी ने भी संबोधित किया। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता यदि कोई संकल्प लेते है तो उसे हर परिस्थिति में पूर्ण करके ही दम लेते हैं। पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने तय किया कि प्रत्येक बूथ को डिजिटल बनायेंगे। उनका फिजिकल वेरीफिकेशन कर बूथ को सामाजिक समरसता के अनुरूप सर्वव्यापी, सर्वस्पशी बनाते हुए समाज के सभी वर्गो का प्रतिनिधित्व करना है तो हमारे कार्यकर्ता इस संकल्प को पूरा करने में जुट जाते है। बूथ विस्तारक अभियान की ऐतिहासिक सफलता इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। बूथ विस्तारक के दौरान बडवानी, खरगौन, झाबुआ जैसे आदिवासी क्षेत्रों में हमारे कार्यकर्ताओं ने जिस तरह परिश्रम की पराकाष्ठा कर बूथ को डिजिटल बनाने का काम किया है वह हम सभी के लिए प्रेरणास्पद है।


भाजपा सरकार ने सामाजिक परिवर्तन लाने का काम किया
शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने केवल वोट की राजनीति नहीं की, हमने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन किया है। बेटी बचाओ, बेटी पढाओ और लाडली लक्ष्मी जैसी योजनाओं से बेटियों के घटते लिंगानुपात के अंतर को न सिर्फ कम किया है बल्कि बेटियां को वरदान बनाने का काम किया है। आज प्रदेश में 43 लाख बेटियां लाडली लक्ष्मी बनी है। यह सामाजिक परिवर्तन लाने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि बूथ पर काम करने वाले हमारे त्रिदेव साधारण कार्यकर्ता नहीं, यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के प्रतिनिधि है।

प्रशिक्षित होकर हमें संगठन तंत्र को और मजबूत करना है
शर्मा ने कहा कि इस वर्ष को हम स्व. कुशाभाऊ ठाकरे जन्मशताब्दी वर्ष के रूप में मना रहे है। ठाकरे जी हमेशा कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण पर जोर देते थे। इस वर्ष हमें संगठन के कार्य विस्तार और सुदृढ़ीकरण में जुटना है। इसके लिए हमें प्रशिक्षित होकर संगठन तंत्र को मजबूत करने का काम करना है। उन्होंने कहा कि बूथ के त्रिदेवों को बूथ पर होने वाले 22 प्रमुख कार्यो को अपने अपने बूथों पर सुनिश्चित करना है। हमें अपने संगठन कार्यो को करने के साथ ही हर बूथ पर की वोटर्स को भी संगठन से जोडना है। प्रशिक्षण वर्ग में जिला प्रभारी रविंद्र यति, प्रशिक्षक सतीश विश्वकर्मा, राम बंसल, राहुल राजपूत, मंडल अध्यक्ष कमल विधानी, महेश खटवानी, मंडल महामंत्री बबलू चावला सहित मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ के प्रशिक्षणार्थी मौजूद थे।

Share:

Next Post

50 लाख वाहनों को हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट का इंतजार, दूसरे राज्यों में भुगत रहे जुर्माना

Sun May 1 , 2022
परिवहन विभाग ने पिछले साल प्लेटें लगवाने का प्रस्ताव भेजा था शासन के पास सुप्रीम कोर्ट से मिल चुकी है हरि झंडी भोपाल। प्रदेश के 50 लाख वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाई जानी है। कंपनी का ठेका पुर्नजीवित करने के लिए अक्टूबर 2021 में प्रस्ताव राज्य शासन के पास भेजा था, लेकिन अभी […]