
नई दिल्ली ।अक्तूबर के दूसरे सप्ताह की शुरुआत ओटीटी दर्शकों(Ott) के लिए कई नई फिल्मों और सीरीज के साथ होने जा रही है। इस सप्ताह अलग-अलग भाषाओं और शैलियों की सामग्री डिजिटल प्लेटफॉर्म (Digital Platform Content)पर उपलब्ध होगी। इनमें परिणीति चोपड़ा की इन्वेस्टिगेशन थ्रिलर फिल्म रिपोर्टिंग लाइव (Reporting Live), तमिल स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा मंदादि (Mandadi), कनाडाई थ्रिलर सीरीज बिलो (Below) और अमेरिकी क्राइम थ्रिलर एनिमल्स (Animals) प्रमुख हैं। इसके अलावा एनिमेटेड सीरीज सुपर बूमी (Super Boomi), आवारापन 2 और के-ड्रामा टेक चार्ज ऑफ माय हार्ट भी दर्शकों की सूची में शामिल हैं।
इस सप्ताह की पहली रिलीज सुपर बूमी है, जो 5 अक्तूबर 2026 से स्ट्रीम होगी। यह एक एनिमेटेड पारिवारिक मनोरंजन सीरीज है। कहानी बूमी और उसके दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी एक वर्चुअल गेमिंग दुनिया बनाते हैं। इस दुनिया में उन्हें अलग-अलग चुनौतियों और रोमांचक परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। इसके बाद 8 अक्तूबर को तमिल भाषा की फिल्म मंदादि ओटीटी पर आएगी। सूरी और सुहास अभिनीत यह स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा फिल्म 10 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया था।
8 अक्तूबर को ही बिलो भी रिलीज होगी। यह कनाडाई थ्रिलर वेब सीरीज है, जिसमें जोश हार्टनेट, मैकेंजी डेविस और चार्ली हीटन मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसकी कहानी समुद्र किनारे बसे एक छोटे शहर से जुड़ी है, जहां अचानक एक रहस्यमयी समुद्री जीव का आतंक शुरू हो जाता है। ऐसे हालात में एक मछुआरा अपने परिवार और समुदाय की सुरक्षा के लिए उस खतरनाक जीव का सामना करता है।
9 अक्तूबर को परिणीति चोपड़ा की रिपोर्टिंग लाइव ओटीटी पर दस्तक देगी। फिल्म में वह पत्रकार की भूमिका निभा रही हैं और अवैध रेत खनन का पर्दाफाश करती नजर आएंगी। फिल्म में परिणीति के अलावा देवेन भोजानी, अमोल पालेकर, आदिल हुसैन और शेखर सुमन भी नजर आएंगे। इसी दिन इमरान हाशमी की आवारापन 2 भी मासिक सब्सक्रिप्शन वाले दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी। फिल्म पहले ओटीटी पर केवल रेंट के विकल्प के साथ उपलब्ध थी। अब 9 अक्तूबर से मासिक सब्सक्रिप्शन वाले दर्शक इसे बिना अलग रेंट के देख सकेंगे।
9 अक्तूबर को टेक चार्ज ऑफ माय हार्ट भी रिलीज होगी। यह एक के-ड्रामा सीरीज है, जिसकी कहानी एक बड़े कारोबारी घराने के वारिस पर आधारित है। उसके शरीर में आर्टिफिशियल हार्ट लगा हुआ है और उसकी जिंदगी में एक लड़की के आने के बाद कहानी आगे बढ़ती है। इसी दिन बेन अफ्लेक निर्देशित अमेरिकी क्राइम थ्रिलर फिल्म एनिमल्स भी दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी। फिल्म में बेन अफ्लेक के साथ केरी वाशिंगटन, जिलियन एंडरसन, एड्रियाना पाज और लुइस गेरार्डो मेंडेज शामिल हैं। इसकी कहानी एक मेयर पद के उम्मीदवार के इर्द-गिर्द घूमती है और इसे राजनीतिक क्राइम थ्रिलर के रूप में पेश किया गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved