उनका ठसका… हमको ठेेस… जिस पाकिस्तान की खिल्ली उड़ाते रहे… अदना-सा मानकर दुत्कारते रहे… कर्जदार और भीखमंगा कहकर चिढ़ाते रहे… आतंकी देश का तमगा लगाकर छिछौरा बताते रहे… वो दुनिया के महाशक्तिमान अमरीका और उसे पछाडऩे वाले ईरान के बीच शांतिवार्ता का दूत बना हुआ है… इस्लामाबाद की धरती पर दाएं-बाएं ईरान और अमरीका के हुक्मरान होंगे तो बीच में शरीफ-मुनीर… वही मुनीर जिसे हम पानी पी-पीकर कोसते हैं… जिसे भारत पर किए गए हमले का गुनहगार मानते हैं… जिसे आतंकी कहकर तोहमतें लगाते रहे… वो शांति के प्रयासों का हिमायतगार बन जाता है… दो लड़ाकुओं को मेज पर लाता है… शांति हो या न हो, वार्ता सफल रहे या न रहे… युद्ध रूके न रूके, लेकिन पाक के प्रयास को तो दुनिया सराहेगी… जिस शरीफ मुनीर को हम अमरीका जाने पर ट्रम्प से मिलने की कतार में लगा बताते रहे… इंतजार करने वाला कहकर खिल्ली उड़ाते रहे… आज उन्हीं के देश को सुलह का यदि मौका मिला है तो इसलिए कि भारत की विदेश नीति हमेशा से ही लचर रही… हमने पिछले 10-15 सालों में सारे पड़ोसियों को खो दिया… पाकिस्तान तो हमारा खुला दुश्मन था ही, लेकिन अब न हमें श्रीलंका तवज्जो देता है… न नेपाल हमें पूछता है… न म्यांमार-भूटान जैसा छोटा-सा देख हमारे काबू में हैं… न बांग्लादेश में हमारी पकड़ रही… मालदीव से हम पंगा लिए बैठे हैं… और चीन तो हमसे बहुत आगे निकल चुका है… दरअसल, हमारी लापरवाही से हमने पड़ोसी मुल्कों को खो दिया… नेपाल-श्रीलंका को चीन ने कर्ज देकर उनकी जमीनें खरीदकर अपना गुलाम बना लिया… बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन ने हमें हाशिए पर ला दिया… म्यांमार अपने संकट में घिरा हुआ है तो मालदीव को हम कोई मदद नहीं कर पाए… इस तरह सारे देश धीरे-धीरे या तो भारत विरोधी हो गए या चीन समर्थक… हम मोदीजी की विदेश यात्राओं में भारत का तिरंगा दिखाते हैं… अपने लोगों को नाचता-गाता देखकर, मोदी जिंदाबाद के नारे सुनकर खुश हो जाते हैं… दुनियाभर के नेताओं से मिलने, हंसते, बोलने को अपनी जीत मानते हैं… इसे भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा मानकर सीना फुलाते हैं, लेकिन पड़ोसियों की मुश्किलों को साझा करने में कतराते है… इसलिए अब तक चीन मारता रहा… अब पाकिस्तान फतह कर गया… युद्ध से बाहर रहकर भी युद्ध में रहा जा सकता था… सुलह की पैरवी कर हैसियत को बुलंद किया जा सकता था, लेकिन हमारी खामोशी फिर गुनाह बन गई… पाकिस्तान में सुलह की मेज सज गई…
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved