
नई दिल्ली। तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए आगामी 23 अप्रैल को वोटिंग होने वाली है। इसके लिए चुनाव का प्रचार मंगलवार को समाप्त हो जाएगा। इस चुनाव में DMK-कांग्रेस का मुकाबला AIADMK और भाजपा के गठबंधन से हो रहा है। सभी राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार में ताकत झोंक दी है। हालांकि, इस बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर बड़ा ही विवादित बयान दे दिया है। मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी को आतंकवादी बता दिया है। अब उनके इस बयान पर बवाल शुरू हो गया है।
तमिलनाडु के चेन्नई में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा- “ये लोग (AIADMK) मोदी के साथ कैसे जुड़ सकते हैं? वो एक आतंकवादी हैं। वो समानता में विश्वास नहीं करते। उनकी पार्टी समानता और न्याय में विश्वास नहीं करती। और इन लोगों का उनके साथ जुड़ना, इसका मतलब है कि वे लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं।”
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा पीएम मोदी को लेकर दिए गए विवादित बयान पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा- “मुझे शर्म आती है कि कांग्रेस और डीएमके इतनी नीच हरकत पर उतर आए हैं कि वे भारत की जनता द्वारा लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहकर उनका अपमान कर रहे हैं। राहुल गांधी और एमके स्टालिन को प्रधानमंत्री और उन्हें वोट देकर सत्ता में लाने वाली भारत की जनता के इस घोर अपमान के लिए माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस और डीएमके ने इस बयान से 14 करोड़ भारतीयों को, जिनमें हमारे 8 करोड़ तमिल भाई-बहन भी शामिल हैं, अपमानित किया है।”
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा- “यह अपवित्र गठबंधन प्रधानमंत्री को निशाना बनाकर भारतीयों को आतंकवादी कह रहा है। प्रधानमंत्री पर इस तरह के व्यक्तिगत हमले उनके चुनावी भाग्य को नहीं बदलेंगे, जो उनके कुशासन से पीड़ित जनता के गुस्से से पहले ही तय हो चुका है।”
विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने आतंकवादी वाले बयान पर सफाई भी दी है। खरगे ने कहा- “क्योंकि भाजपा सरकार राजनीतिक दलों और खासकर उम्मीदवारों को डरा रही है। वे सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग जैसी संस्थाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं और उनका दुरुपयोग कर रहे हैं। वे लोगों में डर पैदा कर रहे हैं ताकि उन्हें लगे कि सरकार विपक्षी दलों को भी निशाना बनाने के लिए काफी शक्तिशाली है। इसी संदर्भ में मैंने यह बात कही थी। मैंने कभी नहीं कहा कि वह (PM मोदी) आतंकवादी हैं। मैंने कहा था कि वह और उनकी सरकार इन संस्थाओं का इस्तेमाल करके लोगों को डरा रहे हैं। मेरा यही मतलब था।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved