
चेन्नई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) रविवार को चेन्नई (Chennai) को 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं (development projects) की बड़ी सौगात देंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। वह चेन्नई मेट्रो के फेज-2 (Metro Phase-2 ) के तहत 4,900 करोड़ रुपये की लागत से बने पूनमल्ली-वडापलानी खंड का उद्घाटन करेंगे। पोरूर बाईपास स्टेशन से पूनमल्ली बाईपास स्टेशन तक मेट्रो की सवारी भी करेंगे। इसके अलावा, ऐतिहासिक जलकंदेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और आईआईटी मद्रास के ब्रेन सेंटर का अवलोकन करेंगे।
प्रधानमंत्री के चेन्नई दौरे से ठीक एक दिन पहले कांग्रेस ने तमिलनाडु में सियासी चाल चल दी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार दोपहर चेन्नई पहुंचे, हवाई अड्डे से सीधे मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नीलंकरई आवास पर भोजन बैठक की और फिर आइलैंड ग्राउंड में हजारों छात्रों से रूबरू हुए।
शहर में एक चौराहे पर प्रधानमंत्री का बड़ा कटआउट लगा है तो कुछ कदम दूर राहुल का बैनर। मुख्यमंत्री आवास पर विजय और राहुल के बीच लंबी चर्चा हुई। बाद में अनौपचारिक माहौल में बातचीत के लिए दोनों नेता पास के कैफे पहुंचे और कैपेचीनो और तिरामिसु का लुत्फ उठाया। सत्तारूढ़ गठबंधन का नाम सेकुलर सोशल जस्टिस विक्ट्री अलायंस रखे जाने के बाद राहुल और विजय की यह पहली मुलाकात है। टीवीके-नीत गठबंधन में कांग्रेस, वीसीके, एमडीएमके और आईयूएमएल शामिल हैं और कांग्रेस सरकार में भी हिस्सेदार है। भोजन के बाद राहुल कांग्रेस के युवा संपर्क कार्यक्रम छात्रों की गूंज में पहुंचे, जिसे तमिल में मानवर्गलिन कुरल नाम दिया गया।
छात्रों की गूंज : राहुल बोले लोकतंत्र नष्ट कर रहे पीएम
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लोकतंत्र को नष्ट करने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रधानमंत्री को फिल्म मिस्टर इंडिया के खलनायक मोगैंबो से जोड़ा। राहुल ने कहा कि पीएम मोदी भारत के लोकतंत्र को तबाह कर रहे हैं और उन्हें देश के खिलाफ किए गए अपराधों की कीमत चुकानी होगी। छात्रों की गूंज में राहुल ने कहा कि पीएम मोदी लोगों की आवाज दबा रहे हैं। लेकिन अब पिछले 15 वर्षों से चल रहा उनका नाटक समाप्त होने वाला है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved