img-fluid

नींव खुदाई में निकला चांदी के सिक्कों से भरा घड़ा! ब्रिटिशकालीन 42 सिक्के जब्त

May 24, 2026

दमोह। दमोह शहर के फुटेरा वार्ड क्रमांक-3 में एक निर्माणाधीन मकान की खुदाई के दौरान ब्रिटिशकालीन चांदी के सिक्के मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मामला उस समय और ज्यादा चर्चाओं में आ गया, जब यहां काम कर रहे मजदूरों ने दावा किया कि जमीन से केवल 42 नहीं, बल्कि करीब 35 किलो चांदी के सिक्के निकले थे, जिन्हें कथित रूप से छिपा लिया गया।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के फुटेरा इलाके की है, जहां शासकीय शिक्षक आलोक सोनी के पैतृक मकान में पिलर की खुदाई का काम चल रहा था। मजदूर नींव खोद रहे थे, तभी जमीन के भीतर मिट्टी में दबा एक हंडा (घड़ा) मिला। बताया जा रहा है कि हंड़े के भीतर पुराने चांदी के सिक्के भरे हुए थे। सिक्के निकलते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

मामले में नया मोड़ तब आया, जब मजदूर हीरा पटेल ने गंभीर आरोप लगाए। मजदूर का कहना है कि खुदाई के दौरान एक बाल्टी भरकर चांदी के सिक्के निकले थे, जिनका वजन करीब 30 से 35 किलो तक हो सकता है। आरोप है कि सिक्के मिलने के बाद मजदूरों को 500-500 रुपये देकर वहां से भगा दिया गया। मजदूर हीरा पटेल ने दावा किया कि प्रशासन को पूरी जानकारी नहीं दी गई और बड़ी मात्रा में सिक्के गायब कर दिए गए। हालांकि मकान मालिक आलोक सोनी ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि जितने सिक्के मिले, सभी प्रशासन को सौंप दिए गए हैं। उन्होंने उल्टा मजदूरों पर ही कुछ सिक्के छिपाने का शक जताया।


  • घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली टीआई मनीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तहसीलदार और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए निर्माण कार्य तत्काल रुकवा दिया गया और क्षेत्र को प्रशासनिक निगरानी में ले लिया गया। पुलिस ने मौके से 42 चांदी के सिक्के जब्त किए हैं। पूरे क्षेत्र में दिनभर लोगों का जमावड़ा लगा रहा और “दबे खजाने” को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।

    मौके पर पहुंची पुरातत्व विभाग की टीम ने सिक्कों की प्रारंभिक जांच की। पुरातत्व संरक्षण सहायक शुभम अरजरिया ने बताया कि जब्त किए गए सिक्के 18वीं और 19वीं शताब्दी के ब्रिटिश काल से संबंधित प्रतीत हो रहे हैं। कई सिक्कों पर महारानी विक्टोरिया और जॉर्ज पंचम की आकृतियां बनी हुई हैं। उन्होंने बताया कि सिक्कों की धातु संरचना, निर्माण काल और ऐतिहासिक महत्व की विस्तृत जांच की जा रही है। संभावना जताई जा रही है कि क्षेत्र में और भी पुरातात्विक सामग्री दबे होने की आशंका हो सकती है।

    प्रशासन ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि वास्तव में कितने सिक्के निकले थे और क्या किसी स्तर पर सिक्कों को छिपाने की कोशिश की गई। फिलहाल सभी जब्त सिक्कों को सुरक्षित संरक्षण में रखा गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved