बड़ी खबर मध्‍यप्रदेश

प्रधानमंत्री ने शिवाजी महाराज के कार्यों को आगे बढ़ाकर विश्व में बढ़ाया देश का सम्मान: शिवराज

– मुख्यमंत्री ने सौंसर में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण और 122 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास

भोपाल (Bhopal)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज (Chhatrapati Shivaji Maharaj) ने मुगलों से कड़ा मुकाबला कर देश में हिन्दवी स्वराज की स्थापना की थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने शिवाजी महाराज के कार्यों को आगे बढ़ाकर देश के सम्मान को विश्व में स्थापित किया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश समृद्ध, सशक्त और गौरवान्वित हुआ है। मध्यप्रदेश भी आत्म-निर्भर हुआ है। प्रदेश में महिला, कमजोर वर्ग, गरीब और किसान सक्षम, समृद्धि, आत्म-निर्भर बने हैं। उनका सम्मान बढ़ा है।


मुख्यमंत्री चौहान रविवार को छिंदवाड़ा जिले के सौंसर में छत्रपति शिवाजी महाराज की विशाल प्रतिमा का अनावरण और 122 करोड़ रुपये लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास कर भव्य समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सौंसर में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा को पिछली सरकार के शासन काल में बुलडोजर चलाकर हटा दिया था। छत्रपति का घोर अपमान हुआ, इससे हम सभी देशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं। तभी हमने निर्णय लिया कि यहां छत्रपति शिवाजी महाराज की बड़ी प्रतिमा स्थापित कर उन्हें भरपूर सम्मान दिया जायेगा। उनकी देश-भक्ति से ओतप्रोत गाथाओं से युवाओं को प्रेरणा मिलेगी। छत्रपति शिवाजी हमारे आदर्श हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से देश के लिए प्राण-न्यौछावर करने वाले सभी महापुरुषों की जीवन की गाथाओं और उनकी शिक्षाओं को पाठ्यक्रम में पढ़ाया जाने लगा है। भविष्य में इस कार्य को आवश्यकतानुसार बढ़ाया भी जाएगा। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आंख झुकाकर नहीं बल्कि आंख मिलाकर विश्व के हर देश से बात करने में सक्षम है। यूक्रेन और रूस का युद्ध चला है। जब वहां पढ़ने वाले भारत के बच्चे तिरंगा लेकर निकले तो दोनों देश की सेनाओं ने युद्ध रोक दिया था। यह प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत को मिला बड़ा सम्मान है। आज का भारत बहुत सशक्त और विकसित देश है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज हमेशा मां, बहन और बेटी का सम्मान करते थे। छत्रपति के कार्यों को राज्य सरकार ने आगे बढ़ाया है। बहन के सशक्त होने पर परिवार, समाज, प्रदेश और राष्ट्र सशक्त होता है। महिला सशक्तिकरण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। हमें गर्व है कि प्रदेश की महिलाएं आत्म-निर्भर हो रही हैं। उनके सम्मान में वृद्धि हुई है।

उन्होंने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी योजना के बाद राज्य सरकार ने लाड़ली बहना योजना शुरू की है। राज्य सरकार अब हर परिवार की गरीब बहना को हर माह एक हजार रुपये देगी। हर महिला आर्थिक रूप से सशक्त होकर परिवार को आर्थिक मदद देने में सक्षम बनेगी। उन्होंने सरकारी की योजनाओं और अभियानों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि बहन-बेटियों को बुरी नजर से देखने वालों, दुराचारियों को प्रदेश में सख्त सजा दी जा रही है। गुण्डे, बदमाश और माफिया के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई चल रही है। पिछली सरकार ने कर्जा माफी के नाम से किसानों के साथ छल किया था। हमारी सरकार शून्य ब्याज दर पर कृषि के लिए किसान को कर्ज दे रही है। पिछली सरकार ने मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना भी बंद कर दी थी। प्रदेश देश का पहला राज्य है जहां इंजीनियरिंग और मेडिकल की पढ़ाई हिन्दी भाषा में भी प्रारंभ हुई है। गरीब परिवार के बच्चों की उच्च शिक्षा की फीस भी राज्य सरकार भर रही है। हम सब संकल्प लें कि देश के सम्मान से खिलवाड़ करने वाले लोगों को सबक सिखायेंगे।

मुख्यमंत्री ने योजनाओं के पात्र व्यक्तियों को हितलाभ वितरित किए। मुख्यमंत्री सौंसर में विकास यात्रा में शामिल हुए और उन्होंने महिला स्व-सहायता समूह द्वारा लगाई गई उत्पादों और विकास कार्यों की चित्र प्रदर्शनी को भी देखा। उन्होंने अपने पौधे-रोपण के संकल्प के दो वर्ष पूर्ण होने पर जन-प्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ पौधे भी रोपे। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

सोमवार का राशिफल

Mon Feb 20 , 2023
युगाब्ध-5124, विक्रम संवत 2079, राष्ट्रीय शक संवत-1944 सूर्योदय 06.44, सूर्यास्त 06.04, ऋतु – बसंत फाल्गुन कृष्ण पक्ष अमावस्या, सोमवार, 20 फरवरी 2023 का दिन आपके लिए कैसा रहेगा। आज आपके जीवन में क्या-क्या परिवर्तन हो सकता है, आज आपके सितारे क्या कहते हैं, यह जानने के लिए पढ़ें आज का भविष्यफल। मेष राशि :- आज […]