
नई दिल्ली। 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन (16th India-Japan Annual Summit) के बाद प्रेस वार्ता के दौरान उस समय हर कोई हैरान रह गया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने जापान (Japan) की प्रधानमंत्री सानाए ताकाची (Prime Minister Sanae Takaichi) को अपनी ‘छोटी बहन’ कहकर संबोधित किया। अक्सर अपने जज्बातों को सार्वजनिक मंच पर काबू में रखने वाले पीएम मोदी के इस अंदाज ने सभी का ध्यान खींचा। हालांकि, इस खास संबोधन के पीछे का असली कारण दोनों नेताओं के बीच हैदराबाद हाउस में हुई एक विशेष बातचीत में छिपा है।
हैदराबाद हाउस की बातचीत में आखिर क्या हुआ?
हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी और जापानी पीएम ताकाची के बीच हुई बातचीत के बारे में जानकारी रखने वाले अधिकारियों के मुताबिक पीएम ताकाची ने पीएम मोदी को बताया कि वह जापान के दिवंगत प्रधानमंत्री शिंजो आबे को अपने बड़े भाई की तरह मानती थीं और उन्हें अपना आदर्श मानकर उनका बहुत सम्मान करती थीं।
ताकाची ने आगे कहा कि शिंजो आबे के मन में भी पीएम मोदी के लिए गहरा लगाव और काफी सम्मान था। आबे के इसी स्नेह को देखते हुए, जापानी पीएम ताकाची ने कहा कि अब वह पीएम मोदी को भी अपने बड़े भाई के रूप में देखती हैं।
शिंजो आबे से जुड़ी हैं दोनों नेताओं की भावनाएं
पीएम मोदी और दिवंगत जापानी नेता शिंजो आबे के बीच बेहद करीबी और व्यक्तिगत संबंध थे। गौरतलब है कि 8 जुलाई 2022 को एक कट्टरपंथी ने शिंजो आबे की हत्या कर दी थी। यह घटना ‘नारा’ में हुई थी, जो कि मौजूदा पीएम सानाए ताकाची का ही संसदीय क्षेत्र है। जापान के इतिहास में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहे शिंजो आबे के नेतृत्व में भारत और जापान के रिश्ते नई ऊंचाइयों पर पहुंचे थे।
आबे के साथ अपनी गहरी दोस्ती के चलते ही पीएम मोदी 27 सितंबर 2022 को खास तौर पर टोक्यो गए थे, ताकि उनके राजकीय अंतिम संस्कार में हिस्सा ले सकें। वहां उन्होंने दिवंगत नेता की पत्नी अकी आबे से मिलकर अपनी शोक संवेदनाएं भी व्यक्त की थीं। इस दौरान पीएम मोदी काफी देर तक शिंजो आबे की तस्वीर के सामने अकेले चुपचाप खड़े रहे। जापानी लोग इस नजारे को देखकर काफी भावुक हुए थे। यह दर्शाता है कि पीएम मोदी और शिंजो आबे की दोस्ती कितनी सच्ची थी।
‘सुंदर छोटी बहन’ कहने पर जापानी पीएम ने जताया आभार
दिवंगत नेता शिंजो आबे के प्रति दोनों नेताओं के मन में मौजूद इसी गहरे सम्मान को देखते हुए पीएम मोदी ने भी बड़े भाई की भूमिका को सहर्ष स्वीकार कर लिया और जापानी नेता को ‘छोटी बहन’ कहकर पुकारा।
पीएम ताकाची ने भी भाई-बहन के इस रिश्ते को खुले दिल से अपनाया। उन्होंने पीएम मोदी द्वारा उन्हें “सुंदर छोटी बहन” कहने पर उन्हें खास तौर पर धन्यवाद दिया। ताकाची ने कहा कि दोनों नेता एक ही विचार रखते हैं और यह अनूठा रिश्ता उस आपसी समझ को दर्शाता है, जो उनके बीच निजी बातचीत के दौरान बनी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved