
नई दिल्ली । प्रियंका कक्कड़ (Priyanka Kakkad) ने ‘आप’ छोड़ कांग्रेस का हाथ थाम लिया (Leaved AAP to join Congress) ।
आम आदमी पार्टी (आप) को शनिवार को बड़ा झटका लगा। पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता रहीं प्रियंका कक्कड़ ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ली। इस दौरान प्रियंका कक्कड़ ने आम आदमी पार्टी छोड़ने की वजह भी बताई। उन्होंने कहा, “मुझे वही पुरानी ग्रीन दिल्ली वापस चाहिए, जिसमें मैं बड़ी हुई थी। मुझे साफ-सुथरी और प्रोग्रेसिव दिल्ली चाहिए। दशकों तक राजधानी को देखने के बाद मुझे पूरा विश्वास है कि कांग्रेस पार्टी ही ऐसा कर सकती है।” उन्होंने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा, “मैंने ऑब्जर्व किया कि आज की राजनीति में अगर कोई नेता सच्चाई से बात करता है तो वह राहुल गांधी हैं। वह एकमात्र लीडर हैं, जिन्होंने कैमरा के लिए आंसू नहीं बहाए। राहुल गांधी को नीचा दिखाने के लिए पूरी मशीनरी लगा दी गई, पर उन्होंने हार नहीं मानी। कांग्रेस पार्टी में एक आत्मा है, जो बाकी पार्टियों में मिसिंग दिखी।”
राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ वाले अभियान का समर्थन करते हुए प्रियंका ने कहा, “राहुल गांधी ने लगातार ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एक मुहिम छेड़ रखी है। उन्होंने सभी को बताया और हमें भी जनता को इसके प्रति जागरूक करना पड़ेगा कि किस तरह से हमारा इकलौता वोटिंग अधिकार को ज्ञानेश कुमार चोरी करके मोदी जी के खाते में डाल रहे हैं। हमें यह रोकना पड़ेगा। हम सभी को कांग्रेस और राहुल गांधी के साथ आना चाहिए।” बता दें कि प्रियंका कक्कड़ लंबे समय से आम आदमी पार्टी की तेजतर्रार प्रवक्ता रही हैं। टीवी डिबेट में वे अक्सर पार्टी का पक्ष रखती थीं। उनके कांग्रेस में जाने को दिल्ली की राजनीति में बड़ा सियासी बदलाव माना जा रहा है।
‘आप’ पर निशाना साधते हुए प्रियंका ने कहा, “मैंने आप इसलिए छोड़ी, क्योंकि बात हुई थी कि बंगला और गाड़ी नहीं लेंगे, लेकिन बाद में यात्रा के लिए चॉपर यूज होने लगे। मैं यह लंबे समय तक बचाव नहीं कर सकती।” उन्होंने आगे कहा, “‘आप’ ने बहुत इंटेलिजेंट लोगों को एक समय पर अट्रैक्ट किया था, लेकिन वह उसे बरकरार नहीं रख पाए। वे नए लोग, जिन्होंने बूथ लेवल पर भी काम नहीं किया, उन्हें राजस्थान से उठाकर पंजाब में बड़े-बड़े पद, बंगला और गाड़ी सब दिया जा रहा है। मैं इन चीजों का कैसे बचाव कर सकती हूं।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved