
उज्जैन। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के सहयोग से प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए कार्य किये जा रहे हैं। उज्जैन संभाग के लिए बोर्ड द्वारा 600 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसी के तहत तनोडिय़ा में 150 करोड़ रुपये की लागत से एक पशु आहार निर्माण संयंत्र स्थापित करने का प्रस्ताव है।
यह जानकारी उज्जैन संभाग के आगर-मालवा जिले में वृंदावन ग्राम योजना के तहत चयनित वृंदावन ग्राम तनोडिय़ा में पशुपालन विभाग द्वारा दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित पशुपालक सम्मेलन दी गई। सम्मेलन में उज्जैन संभाग के संभागायुक्त आशीष सिंह, उज्जैन रेंज के एडीजी राकेश कुमार गुप्ता उपस्थित थे। संभागायुक्त आशीष सिंह ने पशुपालकों से एक-एक कर संवाद कर ग्राम में पशुपालकों की संख्या, देशी नस्ल के गोवंश की संख्या, दुग्ध उत्पादन, दुग्ध सहकारी समिति के गठन एवं दुग्ध संग्रहण आदि के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पशुपालकों की मांग पर उन्होंने एसडीएम एवं तहसीलदार को गोचर भूमि से अतिक्रमण हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश भी दिए। एडीजी राकेश कुमार गुप्ता ने ग्रामीणों की मांग पर तनोडिय़ा में परीक्षण कराकर नवीन ग्रामीण पुलिस थाना स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश पुलिस अधीक्षक को दिए। सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले वॉलिंटियर्स एवं ग्रामीणों को घायलों को तत्काल सहायता पहुंचाने एवं उचित तरीके से चिकित्सालय पहुंचाने के संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण ग्राम तनोडिय़ा में प्रदान करने की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। उपसंचालक पशुपालन डॉ. महेश जारोलिया ने पशुपालन विभाग द्वारा संचालित डॉ. आंबेडकर कामधेनु योजना, डेयरी प्लस योजना एवं आचार्य विद्यासागर योजना की जानकारी दी। सांची दुग्ध संघ उज्जैन के सीईओ धनराज खत्री ने बताया कि राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के सहयोग से प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए कार्य किये जा रहे हैं। उज्जैन संभाग के लिए बोर्ड द्वारा 600 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसी के तहत तनोडिय़ा में 150 करोड़ रुपये की लागत से एक पशु आहार निर्माण संयंत्र स्थापित करने पर विचार किया जा रहा है। इस अवसर पर आगर-मालवा जिला पंचायत सीईओ बसंत सोलंकी, एसडीएम कमल मंडलोई, जनपद सीईओ अंजलि बडोले, पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित थे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved