
डेस्क: मेंस द हंड्रेड का छठा मुकाबला वेल्स फायर और MI लंदन के बीच खेला गया. कार्डिफ में खेले इस मुकाबले में वेल्स फायर ने MI लंदन को हरा दिया. वेल्स फायर को ये जीत अपनी टीम में शामिल न्यूजीलैंड के दो खिलाड़ियों के जोर पर मिली. उनमें एक खिलाड़ी रहे रचिन रवींद्र जिन्होंने अपने द हंड्रेड करियर की सबसे बड़ी पारी खेली. उनकी दमदार पारी ने वेल्स फायर को जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उसके बाद रही सही कसर को न्यूजीलैंड के लॉकी फर्ग्युसन ने पूरा किया.
वेल्स फायर ने MI लंदन को 15 रन से हराया. मुकाबले में वेल्स फायर ने पहले बल्लेबाजी की और 100 गेंदों में 5 विकेट पर 167 रन का टोटल खड़ा किया. वेल्स फायर को इस स्कोर तक पहुंचाने में रचिन रवींद्र की भूमिका सबसे अहम रही, जिन्होंने चौथे नंबर पर उतरकर 44 गेंदों पर 98 रन की पारी खेली. द हंड्रेड में ये रचिन रवींद्र की सबसे बड़ी पारी है. इसके अलावा पहली बार ऐसा हुआ है, जब द हंड्रेड में उन्होंने फिफ्टी प्लस स्कोर बनाया है.
वेल्स फायर की शुरुआत बेहद खराब रही थी. कप्तान और ओपनर फिल सॉल्ट और मैथ्यू शॉर्ट दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके. जो रूट 29 रन बनाकर दूसरे टॉप स्कोरर रहे. वहीं जॉर्डन कॉक्स 14 रन बनाकर नाबाद रहे. ऐसे में वो रचिन रवींद्र की इनिंग ही रही, जिसने वेल्स फायर को 167 रन तक पहुंचाने में मदद की.
MI लंदन जब 168 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो उसका पहला विकेट 18 रन पर ही गिर गया. हालांकि उसके बाद दूसरे विकेट के लिए जेम्स विंस और जेसन रॉय के बीच हुई अर्धशतकीय साझेदारी ने टीम को 47 गेंदों पर 72 रन के स्कोर तक पहुंचा दिया. इस जोड़ी को लॉकी फर्ग्युसन ने तोड़ा. इसके बाद उन्होंने अगले आए बैट्समैन MI लंदन के कप्तान सैम करन को भी खाता खोलने से पहले ही निपटा दिया. MI लंदन का स्कोर जैसे ही 100 को पार गया लॉकी फर्ग्युसन ने निकोलस पूरन को भी चलता कर दिया.
शरफेन रदरफोर्ड 24 रन बनाकर नाबाद रहे जरूर मगर इस मैच में वो अपनी टीम की नैया पार नहीं लगा सके. लॉकी फर्ग्युसन सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 20 गेंदों में 27 रन देकर 4 विकेट लिए. इस तरह अपने दो कीवी खिलाड़ियों के दिखाए दम की बदौलत वेल्स फायर मैच जीतने में कामयाब रहा. MI लंदन 100 गेंदों में 6 विकेट पर बस 152 रन ही बना सकी.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved