
रायबरेली। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डा दिनेश शर्मा (Deputy Chief Minister of Uttar Pradesh Dr. Dinesh Sharma) ने रविवार को कहा कि रायबरेली अब कांग्रेस का गढ़ नहीं भाजपा का घर है। लगातार चुनावों में पार्टी की जीत के बाद यहां भाजपा का ही परचम लहरा रहा है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी में जिला पंचायत की 67 सीटों पर मिली जीत जनता की मोदी-योगी सरकार पर विश्वसनीयता का प्रमाण है।
उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अब रायबरेली कांग्रेस का गढ़ नहीं रहा, अब तो यह भाजपा का घर है। यहां के समस्त नागरिक परिवार के सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जिले के प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान करती है। आने वाले समय में यहां की सभी विधानसभा सीटें तथा ब्लॉक प्रमुख की सीटें भाजपा की आप सभी के आशीर्वाद से होंगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में परचम फहराने के बाद प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा रविवार को बछरावां में कोरोना वैक्सीनेशन की समीक्षा की और ‘वन है तो कल है’ के तहत वृक्षारोपण किया। इसके बाद दिनेश शर्मा ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र सौंपे। साथ ही आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड भी वितरित किये। इन तमाम कार्यक्रमों के दौरान बछरांवा के बीजेपी विधायक राम नरेश रावत और तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे। (एजेंसी, हि.स.)
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved