
तिरुवनंतपुरम। केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व सीएम पी. विजयन ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी की आलोचना करते हुए विजयन ने कहा कि उनका राजनीतिक रवैया विपक्षी इंडी गठबंधन को मजबूत नहीं करता बल्कि कई बार इसका फायदा भाजपा को मिलता है। राहुल गांधी ने हाल ही में इंडी गठबंधन की बैठक में पी विजयन को राजनीतिक प्रतिद्वंदी होने के कारण गले न लगाने की बात कही थी। राहुल गांधी के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विजयन ने कहा कि उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि कौन किसे गले लगाता है।
पूर्व सीएम विजयन ने दावा किया कि इंडी गठबंधन की बैठकों में केवल वामपंथी दलों ने ही नहीं, बल्कि अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और अन्य गैर-कांग्रेसी दलों के नेताओं ने भी कांग्रेस के रुख पर आपत्ति जताई थी। विजयन ने कहा, ‘आज जो स्थिति बनी है, वह कांग्रेस और खासकर राहुल गांधी के रवैये की वजह से बनी है। उनका रवैया इंडी गठबंधन को मजबूत नहीं करता। जैसा कि मैं पहले भी कह चुका हूं, इससे अक्सर भाजपा को फायदा मिलता है। राहुल गांधी अपने ऐसे कदमों से अनजाने में भाजपा के हितों को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।’
विपक्ष के नेता पिनराई विजयन ने राज्य में बढ़ते निपाह वायरस संक्रमण को लेकर केरल सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार निपाह प्रकोप से निपटने में बेहद सुस्त रवैया अपना रही है। पत्रकारों से बातचीत में विजयन ने कहा कि निपाह वायरस का प्रकोप अत्यंत गंभीर विषय है और इससे उसी स्तर की गंभीरता के साथ निपटना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘मैं डॉक्टरों के कामकाज पर सवाल नहीं उठा रहा हूं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग और सरकार को पूरे स्वास्थ्य तंत्र को सक्रिय कर आवश्यक कदम उठाने चाहिए। लेकिन फिलहाल ऐसा दिखाई नहीं दे रहा है।’
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved