देश

कांग्रेस अध्यक्ष पद पर राहुल गांधी की वापसी संभव

नई दिल्ली। राजस्थान कांग्रेस का संकट दूर करने में राहुल गांधी को मिली कामयाबी के बाद उन्हें दुबारा पार्टी की कमान सौंपने के सुर फिर उठने लगे हैं। पार्टी ने कहा है कि केवल गांधी होने के नाते नहीं बल्कि मोदी सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ लड़ने वाले सबसे मुखर नेता के तौर पर सभी कांग्रेसी राहुल गांधी को फिर से पार्टी अध्यक्ष पद पर देखना चाहते हैं।

क्या कांग्रेस अध्यक्ष पद पर राहुल गांधी की वापसी संभव है? कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रमुख रणदीप सुरजेवाला ने इसका जवाब देते हुए कहा कि हर एक कांग्रेस कार्यकर्ता जिसका पार्टी की नीतियों व विचाराधारा में विश्वास है, वे सब चाहते हैं कि राहुल गांधी दुबारा अध्यक्ष बनें। बकौल सुरजेवाला ‘सौ फीसदी कांग्रेसजन और उसकी विचाराधारा में विश्वास रखने वाले लोग राहुल गांधी को फिर से कांग्रेस अध्यक्ष देखना चाहते हैं।

2019 में राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से दिया था इस्तीफा
सुरजेवाला ने कहा कि बेशक पार्टी के नये अध्यक्ष को लेकर कांग्रेसजनों की यह आम भावना है मगर इसका अंतिम निर्णय कांग्रेस कार्यसमिति, पार्टी और राहुल गांधी उचित समय पर लेंगे। 2019 के चुनाव के बाद राहुल ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। नये अध्यक्ष के चुनाव की संभावना के सवाल पर सुरजेवाला ने कहा कि भविष्य में क्या होगा इसके बारे में वे कुछ नहीं कह सकते। कांग्रेस पार्टी इस बारे में उचित समय पर फैसला करेगी।

सोनिया गांधी का अंतरिम अध्यक्ष के तौर पर एक साल का कार्यकाल 10 अगस्त को ही पूरा हो गया था। इस बीच सोनिया की सेहत की चुनौतियों की वजह से कांग्रेस के अंदर फुलटाइम नये अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर चौतरफा आवाज उठाई जा रही है। राहुल दुबारा अध्यक्ष बनने के मसले पर अनिर्णय की स्थिति में हैं और नेतृत्व की यह दुविधा पार्टी नेताओं को परेशान कर रही है। ऐसे में शशि थरूर सरीखे नेता लगातार पूर्णकालिक नये अध्यक्ष का चुनाव कराने की आवाज भी उठा रहे हैं।

Share:

Next Post

जोड़ों के दर्द से निजात दिलाएंगे ये योगासन

Wed Aug 12 , 2020
जोड़ों में दर्द की वजह से लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यह बीमारी किसी भी उम्र में हो सकती है। लेकिन अगर आप योगासन का अभ्यास नियमित रूप से करते हैं, तो इस बीमारी से दूर रह सकते हैं। चलिए जानते हैं, कुछ ऐसे योगासन, जिससे आर्थराइटिस से दूर रह सकते […]