
मुंबई। महाराष्ट्र (Maharashtra) में लगातार हो रही बारिश (Heavy Rainfall) लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। गुरुवार को मुंबई के सांताक्रूज इलाके (Santacruz area) में पेड़ गिरने से आठ लोग घायल हो गए। वहीं, पालघर जिले (Palghar district) में घर की जर्जर दीवार गिरने से 47 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई।
सांताक्रूज में निरीक्षण के दौरान हुआ हादसा
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार, यह हादसा दोपहर करीब 2:02 बजे सांताक्रूज (पश्चिम) स्थित रहेजा कॉलेज के पास एक निजी इमारत परिसर में हुआ। जानकारी के मुताबिक, नगर निगम के कर्मचारी पहले से गिरे हुए एक पेड़ का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान पास का एक और पेड़ अचानक गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आठ लोग आ गए। सभी घायलों को तुरंत नानावटी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
कितनी हुई बारिश?
गुरुवार शाम 5:30 बजे तक, कोलाबा मौसम केंद्र में 15.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। जबकि सांताक्रूज मौसम केंद्र में 17.4 मिमी बारिश हुई। वहीं, सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक बीएमसी के ऑटोमैटिक रेन गेज के अनुसार- आइलैंड सिटी में औसतन 23 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 28 मिमी, पश्चिमी उपनगरों में 32 मिमी बारिश दर्ज की गई।
कुछ दिन पहले स्कूल बस पर गिरा था पेड़
गौरतलब है कि इसी सप्ताह मुंबई के चेंबूर इलाके में एक स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 वर्षीय छात्र की मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य लोग घायल हुए थे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved