बड़ी खबर राजनीति

कांग्रेस : बागी मंत्रियों से नाराज रवनीत बिट्टू बोले- जिन्हें कैप्टन पसंद नहीं, वह खुद इस्तीफा दे दें 

चंडीगढ़। कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ लामबंद हुए धड़े की कड़ी आलोचना की है। बिट्टू ने साफ किया कि जिन मंत्रियों को कैप्टन पसंद नहीं हैं, उन्हें मंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले खुद कुर्बानी देना जरूरी है।

पत्रकारों से बातचीत में बिट्टू ने कहा कि बीते चार महीने के दौरान हाईकमान ने सभी असंतुष्टों से तीन-तीन बार बातचीत की। खड़गे कमेटी, राहुल गांधी और सोनिया गांधी ने भी सबकी बातें सुनी। अब राज्य में चुनाव नजदीक आ रहे हैं तो फिर से तमाशा शुरू कर दिया गया है। 

बिट्टू ने सवाल उठाया कि आज जो कैप्टन के नेतृत्व पर सवाल खड़े कर रहे हैं, वह साढ़े चार साल तक कैबिनेट मंत्री क्यों बने रहे? उन्होंने कहा कि इन मंत्रियों ने बीते साढ़े चार साल के दौरान कैबिनेट में अपने और अपने हलकों के लिए हर तरह के फैसले करवाए और मुख्यमंत्री के करीबी बन कर भी रहे, लेकिन अब ऐसा क्या हो गया? बिट्टू ने कहा कि अगर कैप्टन के अधीन काम नहीं कर पा रहे हैं तो कुर्सियां छोड़ दें।


उन्होंने आगे कहा कि कैप्टन पर आरोप लगाया जा रहा है कि उन्होंने साढ़े चार साल में कोई काम पूरा नहीं किया। लेकिन आज उनका विरोध कर रहे मंत्री भी तो साढ़े चार साल से कैबिनेट का हिस्सा हैं। साढ़े चार साल के दौरान इन मंत्रियों ने कैबिनेट में यह बात क्यों नहीं उठाई। दरअसल अब चुनाव नजदीक आ गए हैं इसलिए सब कुछ मुख्यमंत्री पर मढ़ा जा रहा है। मुख्यमंत्री सफल रहे या असफल, यह अलग सवाल है लेकिन यह 17 मंत्री बताएं कि इन्होंने साढ़े चार साल में क्या किया? इन्हें अपनी परफार्मेंस भी बतानी चाहिए।

बिट्टू ने बागी नेताओं को लताड़ते हुए कहा कि यह रोज-रोज का ड्रामा कब तक चलेगा। लोगों को जवाब देना भारी होता जा रहा है। दूसरी पार्टियों वाले अब मखौल करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि हार-जीत तो होती रहती है। सरकारें भी आती-जाती रहती हैं। लेकिन इतनी घबराहट ठीक नहीं है। सब कुछ साढ़े चार साल के दौरान सोचना चाहिए था।

पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस की स्थिति के बारे में बिट्टू ने कहा कि पंजाब की जनता ने 2017 में 80 सीटों के रूप में कांग्रेस को ताकत दी। इसके बाद लोकसभा में आठ सीटों के साथ मजबूत किया। सूबे में जिला परिषद, ब्लॉक समितियों में भी जनता ने कांग्रेस को समर्थन दिया। बीते चार साल के दौरान कांग्रेस के आसपास भी कोई पार्टी नहीं ठहर रही थी और लोग अब अगली सत्ता भी कांग्रेस को देना चाहते हैं लेकिन सड़कों पर झगड़ा दिखाकर, अपना तमाशा बना रहे पार्टी के नेता हाथ आ रही सत्ता को गंवाना चाहते हैं। उन्होंने आगे कहा कि अब भी समय है। इस हालात को सुधारा जा सकता है।

Share:

Next Post

मोदी सरकार के निर्णय से 5 करोड़ गन्ना किसानों को होगा लाभ : जेपी नड्डा

Wed Aug 25 , 2021
नई दिल्ली। मोदी सरकार (Modi government) की ओर से गन्ने का उचित और लाभकारी मूल्य(FRP) बढ़ाकर 290 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) ने कहा है कि इस निर्णय से देश के लगभग पांच करोड़ (5 crore ) गन्ना किसानों (Sugarcane farmers) और लगभग पांच लाख श्रमिकों […]