
जबलपुर। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता 2026 का रंगारंग समापन हुआ। समापन दिवस पर टेबल टेनिस, शतरंज, कैरम और कबड्डी जैसी स्पर्धाओं में खिलाडिय़ों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। आयोजन में विभाग के कार्मिकों और उनके परिजनों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।टेबल टेनिस और -शतरंज में खिलाडिय़ों का दबदबा।
महिला वर्ग की टेबल टेनिस स्पर्धा में रीती शुक्ला ने शानदार खेल दिखाते हुए अंजू नीखरे को सीधे सेटों में पराजित कर चैंपियनशिप अपने नाम की। पुरुष टेबल टेनिस डबल्स में तबरेज चौधरी और इकबाल खान की जोड़ी ने बेहतरीन तालमेल का परिचय देते हुए हर्ष श्रीवास्तव और विनय परवार की अनुभवी जोड़ी को हराकर खिताब जीता। शतरंज स्पर्धा में मोनीश उइके 5-0 की अजेय बढ़त के साथ पुरुष वर्ग के विजेता बने, जबकि चंद्रकांत श्रीवास्तव दूसरे स्थान पर रहे। रविंद्र पटेल, यदुराज राय, रामनरेश सिंह एवं नितिन सेन संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में बबिता गजभिये ने प्रथम और अंजू नीखरे ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पारिवारिक महिला वर्ग में नेशनल खिलाड़ी सोनिका सुपटकर विजेता रहीं।
कबड्डी, रस्साकशी और लेमन रेस के रोमांचक परिणाम
मैदानी खेलों में कबड्डी का फाइनल बेहद संघर्षपूर्ण रहा, जिसमें ई एच टी जॉइंट्स जबलपुर ने ट्रांसको सागर को मात देकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। रस्साकशी के पुरुष वर्ग में पावर वारियर्स ने टेस्टिंग टाइटंस को हराया। महिलाओं की लेमन रेस स्पर्धा में श्रीमती शिरीन अली प्रथम, श्रीमती अल्पना श्रीवास्तव द्वितीय एवं श्रीमती शालिनी मिश्रा तृतीय स्थान पर रहीं।
अतिथियों ने किया विजेताओं का सम्मान
प्रतियोगिता के अंत में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता एसपी गुप्ता, विशिष्ट अतिथि मध्य प्रदेश विद्युत महिला मंडल की अध्यक्ष डॉक्टर अंजना तिवारी, प्रबंध संचालक सुनील तिवारी एवं ट्रांसको खेल प्रकोष्ठ के नोडल मुख्य अभियंता राजीव अग्रवाल द्वारा सभी विजेताओं और उपविजेताओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved