
इन्दौर। चंदन नगर से कालानी नगर तक की 18 मीटर चौड़ी सडक़ के लिए राज्य शासन से हाल ही में नगर निगम को मजूरी मिली है और सडक़ चौड़ीकरण का कार्य शुरू होने के पहले ही रहवासियों का विरोध शुरू हो गया है। आज दोपहर में इस मामले को लेकर रहवासी मानव शृंखला बनाकर सडक़ की चौड़ाई का विरोध करेंगे। पिछले कई दिनों से चंदन नगर से कालानी नगर की सडक़ को लेकर तमाम प्रस्ताव और मशक्कत चल रही थी। 18 मीटर चौड़ी सडक़ चंदन नगर से कालानी नगर के बीच बनाई जाएगी और यह सडक़ पश्चिमी क्षेत्र के लिए बेहद अहम सडक़ रहेगी। निगम अधिकारियों के मुताबिक 20 करोड़ की लागत से इसका निर्माण होगा और यह राशि मास्टर प्लान की बची सडक़ों की राशि से जुटाई जाएगी। इस मामले को लेकर निगम ने टेंडर और वर्कआर्डर पहले ही जारी कर दिए हैं।
इस सडक़ के बनने से एयरपोर्ट रोड कालानी नगर चौराहे से धार रोड से चंदन नगर चौराहे तक नया सडक़ कारिडोर बन सकेगा और ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा, साथ ही इसे वैकल्पिक पश्चिमी रिंगरोड का हिस्सा माना जा रहा है। उक्त सडक़ के निर्माण को लेकर रहवासी शुरू से ही विरोध में रहे हैं। निगम की टीम जब चंदन नगर क्षेत्र में नपती और निशान लगाने की कार्रवाई करने पहुंची थी तो वहां भी लोगो ने विरोध करते हुए हंगामा किया था। अब सडक़ निर्माण को राज्य शासन से मंजूरी मिलने के बाद वहां काम शुरू करने की तैयारी में है और इसकी भनक लगते ही रहवासी फिर से लामबंद हो गए हैं। आज दोपहर में वहां सडक़ निर्माण के विरोध में रहवासी कांग्रेसी नेताओं के साथ मिलकर मानव शृंखला बनाकर इसका विरोध करेंगे। उक्त क्षेत्र में इसके अलावा नंदन नगर और नगीन नगर के पास करीब 800 मीटर की सडक़ को भी मास्टर प्लान की सडक़ में शामिल किया गया है, जिससे इन आबादी वाले इलाकों में भी यातायात सुगम होगा। रहवासियों द्वारा मानव शृंखला बनाए जाने की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया जा रहा है, ताकि किसी प्रकार का हंगामा ना हो।
200 से ज्यादा निर्माण हैं बाधक
अधिकारियों के मुताबिक उक्त सडक़ 18 मीटर चौड़ी बनाई जानी है और पिछले दिनों ही नपती और निशान लगाने की कार्रवाई के दौरान बड़े-छोटे बाधक निर्माणों की गणना की गई थी और उसमें दो सौ से ज्यादा बाधाएं चिन्हित हुई थीं। इसको लेकर पूर्व में कुछ लोगों को नोटिस भी दिए गए थे, लेकिन नोटिस के बाद भी किसी के द्वारा बाधक निर्माण के हिस्से नहीं हटाए गए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved