
हरिद्वार। उत्तराखंड (Uttarakhand) के हरिद्वार (Haridwar) में एक व्यस्त सड़क पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पैदल जा रही एक महिला (Woman) अचानक सड़क धंसने से बने गहरे गड्ढे (Deep pits) में गिर गई। यह पूरी घटना शहर के ललताराव पुल के पास हुई, जिसका वीडियो वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। घटना का फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, महिला सामान्य रूप से सड़क पार कर रही थी। तभी अचानक उसके पैरों के नीचे की जमीन धंस गई और वह सीधे गड्ढे में जा गिरी। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते बचाव होने से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, जिस स्थान पर सड़क धंसी, उसके नीचे सीवर लाइन, गैस पाइपलाइन और हाई-टेंशन अंडरग्राउंड बिजली की केबल गुजर रही हैं। यदि इस दौरान गैस रिसाव या बिजली से जुड़ी कोई दुर्घटना होती, तो स्थिति कहीं अधिक गंभीर हो सकती थी।
कांवड़ मेले के बीच बढ़ी चिंता
घटना ऐसे समय हुई है, जब हरिद्वार में कांवड़ मेला चल रहा है और शहर में बड़ी संख्या में शिवभक्तों का आवागमन बना हुआ है। ललताराव पुल हर की पौड़ी जाने वाले प्रमुख मार्गों में शामिल है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु आवाजाही करते हैं।
इस हादसे के बाद सड़क की गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर स्थानीय प्रशासन तथा लोक निर्माण विभाग (PWD) की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि कांवड़ यात्रा जैसे बड़े आयोजन के दौरान ऐसे संवेदनशील मार्गों की नियमित जांच और निगरानी आवश्यक है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved