
जबलपुर। नगर निगम के विकास कार्यों में खर्च की गई करोड़ों की राशि और मौके पर दिखाई देने वाले कामों के बीच कितना अंतर है, इसकी तस्वीर विजयनगर में अहिंसा चौक से कचनार गेट तक बनी करीब 500 मीटर सड़क पर देखी जा सकती है। नगर निगम के शिलालेख में इस सड़क के निर्माण और सौंदर्यीकरण पर 10 करोड़ रुपये खर्च होने का उल्लेख है। दावा किया गया था कि सड़क के साथ नालियां, पोल शिफ्टिंग, सेंट्रल लाइटिंग, डिवाइडर, फुटपाथ और गार्डन भी विकसित किए गए हैं। लेकिन मौके पर फुटपाथ और गार्डन नजर नहीं आते। नालियों में कचरा जमा है और डिवाइडर पर लगाए गए पौधे बदहाली का शिकार हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि 10 करोड़ रुपये के खर्च से आखिर कौन-कौन से काम हुए और उनकी मौजूदा स्थिति की जिम्मेदारी किसकी है?
रखरखाव कौन करेगा, जवाबदेही किसकी?
स्थानीय निवासी राजू आहूजा का कहना है कि निर्माण के दौरान फुटपाथ और गार्डन बनाने की बात कही गई थी, लेकिन एक साल बाद भी ये सुविधाएं दिखाई नहीं देतीं। वहीं सुंदरलाल अग्रवाल ने बताया कि डिवाइडर पर लगाए गए पौधे सूख रहे हैं और सड़क के आसपास गाजरघास उग आई है। उनका कहना है कि जिस हरियाली और सुंदरता के नाम पर काम कराया गया था, उसका रखरखाव भी होना चाहिए। यदि ये कार्य पूरे हुए थे तो उनकी मौजूदा स्थिति इतनी खराब क्यों है? और यदि काम अधूरे हैं तो भुगतान और गुणवत्ता की जांच किस स्तर पर हुई? केवल शिलालेख लगाकर विकास का दावा पूरा नहीं होता। जनता को यह जानने का हक है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी सड़क पर जरूरी सुविधाएं क्यों नदारद हैं।
पहले से बने डिवाइडर पर मरम्मत, फुटपाथ का पता नहीं
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण के दौरान ठेकेदार और संबंधित लोगों ने व्यवस्थित फुटपाथ और गार्डन विकसित करने की बात कही थी। लेकिन करीब एक साल बाद भी पैदल चलने वालों के लिए व्यवस्थित फुटपाथ और गार्डन नजर नहीं आ रहे। लोगों के मुताबिक, डिवाइडर पहले से बने हुए थे, जिन पर मरम्मत और रंगाई-पुताई की गई। ऐसे में यह स्पष्ट होना चाहिए कि शिलालेख में दर्ज प्रत्येक कार्य पर कितनी राशि खर्च हुई और कौन-सा काम वास्तव में पूरा कराया गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved