
बंगाल। पश्चिम बंगाल (West Bengal) में आने वाले पांच साल में सड़कों और हाईवे की तस्वीर बदलने की तैयारी है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने राज्य के रोड इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए 1 लाख करोड़ रुपये के निवेश का बड़ा ऐलान किया है। इस योजना के तहत नए हाईवे, पुल और सड़कें बनाई जाएंगी। इसके अलावा कोलकाता के चारों ओर 250 किलोमीटर लंबा रिंग रोड बनाने का भी प्रस्ताव है। गडकरी ने दावा किया कि अगले पांच साल में पश्चिम बंगाल का सड़क नेटवर्क अमेरिका के बराबर होगा।
नितिन गडकरी ने गुरुवार को पूर्व मेदिनीपुर जिले के कोलाघाट में आयोजित कार्यक्रम में यह घोषणा की। इस दौरान उन्होंने 27,000 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग और पुल परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इनमें 8,700 करोड़ रुपये की लागत वाली 22 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं शामिल हैं। गडकरी ने कहा कि उनके मंत्रालय की ओर से अगले पांच साल में पश्चिम बंगाल में सड़क, हाईवे और पुलों के विकास पर कुल 1 लाख करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने राज्य सरकार को भरोसा दिलाया कि इन परियोजनाओं के लिए फंड की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
कोलकाता के चारों ओर बनेगा 250 KM का रिंग रोड
इस योजना का एक बड़ा हिस्सा कोलकाता की कनेक्टिविटी और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने से जुड़ा है। गडकरी ने शहर के चारों ओर 250 किलोमीटर लंबा रिंग रोड बनाने का प्रस्ताव रखा है। उनका कहना है कि इससे कोलकाता में ट्रैफिक जाम और प्रदूषण की समस्या कम करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने राज्य सरकार से कोलकाता के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने को कहा है। इसके अलावा शहर में अलग-अलग इलाकों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी के लिए पुल बनाने की भी योजना है। गडकरी ने पुणे की तर्ज पर कोलकाता में भी बेहतर पुल नेटवर्क विकसित करने की इच्छा जताई।
गंगा तक पहुंच आसान बनाने की भी योजना
गडकरी ने गंगा नदी तक कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए विशेष सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने की योजना का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, बेहतर सड़क नेटवर्क से राज्य के अलग-अलग शहरों के बीच आवागमन आसान होगा। इससे औद्योगिक गतिविधियों और व्यापार को भी बढ़ावा मिल सकता है।
परियोजनाओं के लिए राज्य सरकार का सहयोग जरूरी
गडकरी ने कहा कि इन योजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए राज्य सरकार का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने जमीन अधिग्रहण, पर्यावरण मंजूरी और अतिक्रमण हटाने जैसे काम तेजी से पूरा करने की अपील की। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने भी परियोजनाओं के लिए जमीन उपलब्ध कराने सहित हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। गडकरी के मुताबिक, बेहतर सड़कें नए टाउनशिप के विकास, उद्योगों में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved