
नई दिल्ली। ब्रेन क्लॉट सर्जरी के बाद देश के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। अस्पताल में उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। इसी बीच उनकी मौत की झूठी अफवाह उड़ गई। अब उनकी बेटी और कांग्रेस नेता शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति की मौत की खबर झूठी है। हालांकि उनकी तबीयत में मामूली सुधार है।
बता दें कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की हालत लगातार नाजुक बनी हुई है और वह जीवनरक्षक प्रणाली पर हैं। सेना के रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल ने बुधवार को एक बयान में कहा, ”प्रणब मुखर्जी की हालत लगातार नाजुक बनी हुई है। इस समय उनकी हालत रक्त प्रवाह के लिहाज से स्थिर है और वह वेंटिलेटर पर हैं।
84 वर्षीय देश के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को सोमवार को सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था और मस्तिष्क की सर्जरी से पहले उनके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। उन्हें देख रहे डॉक्टरों ने कहा कि मंगलवार को पूर्व राष्ट्रपति की हालत बिगड़ गई और उनकी स्थिति में सुधार का कोई लक्षण नहीं दिखा है।
पूर्व राष्ट्रपति की बेटी और कांग्रेस नेता शर्मिष्ठा मुखर्जी ने अपने पिता के स्वास्थ्य के लिए भगवान से प्रार्थना की। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘पिछले साल आठ अगस्त का दिन मेरे लिए सर्वाधिक प्रसन्नता के दिनों में से एक था जब मेरे पिता को भारत रत्न मिला था। ठीक एक साल बाद 10 अगस्त को वह गंभीर रूप से बीमार हो गए।
शर्मिष्ठा ने लिखा, ‘‘उनके पिता के लिए जो भी सर्वश्रेष्ठ हो, ईश्वर वह करें और मुझे जीवन में आने वाले खुशी और दुख के क्षणों को समान रूप से सहने की शक्ति प्रदान करें। मैं उनके लिए चिंता करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद व्यक्त करती हूं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved