
- लाल चौक श्रीनगर की तर्ज पर होगा विकास
जबलपुर। छावनी परिषद, जबलपुर में शुक्रवार को सदर मेन रोड के समग्र विकास, सौंदर्यीकरण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अधिशासी अधिकारी तथा कैंट विधायक अशोक रोहाणी सहित प्रशासनिक अधिकारी और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में सदर मेन रोड का करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से विकास किए जाने पर सहमति बनी। प्रस्ताव के अनुसार सड़क का विकास श्रीनगर के प्रसिद्ध लाल चौक की तर्ज पर किया जाएगा। इसके साथ ही योद्धा चौक से भारत माता चौक तक सुव्यवस्थित पार्किंग, आधुनिक डिवाइडर, यातायात सुधार और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई। बैठक में यह भी तय किया गया कि विकास कार्यों को अंतिम रूप देने से पहले क्षेत्र के व्यापारियों से सुझाव लिए जाएंगे, ताकि परियोजना स्थानीय जरूरतों और व्यापारिक गतिविधियों के अनुरूप तैयार हो सके।
विधायक अशोक रोहाणी ने कहा कि सदर क्षेत्र शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में से एक है। यहां यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, व्यापारियों की सुविधाओं में वृद्धि करने और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकास कार्य चरणबद्ध तरीके से किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के साथ तैयार होने वाली यह परियोजना सदर क्षेत्र की नई पहचान बनेगी। बैठक में एडिशनल एसपी (यातायात) अखिलेश तिवारी, डीएसपी महेंद्र प्रजापति, पूर्व पार्षद सुंदर अग्रवाल, दीपक गोलछा, अरुण अग्रवाल, बंसल जी, राकेश अग्रवाल, आशीष कोटारी, अभिजीत सोनी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने यातायात सुधार और क्षेत्र के सुनियोजित विकास के लिए अपने सुझाव भी रखे।