नई दिल्ली। विश्व हिंदू परिषद (Vishwa Hindu Parishad) की नेता साध्वी प्राची (Sadhvi Prachi) ने अपनी जान को खतरा बताते हुए रविवार को पुलिस से सुरक्षा मुहैया कराने की गुहार लगाई। कहा कि उनके आश्रम में अपने दो छोटे बच्चों के साथ शरण लेने आई एक महिला ने उनके खिलाफ साजिश रची है।
साध्वी प्राची (Sadhvi Prachi) ने हरिद्वार में पत्रकारों से कहा कि कुछ समय पहले उन्होंने अपने वैदिक निकेतन आश्रम में सोनिया नाम की एक महिला को शरण दी थी, जिसने खुद को बेसहारा बताया था। साध्वी ने बताया कि कुछ दिन पहले आश्रम में सोनिया से मिलने एक धर्म विशेष का व्यक्ति एक बच्चे के साथ आया, जिससे उन्हें उस पर शक हुआ और उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दे दी।
साध्वी ने बताया कि इस बीच उन्होंने फिर पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने उसके सामान की तलाशी ली। उन्होंने बताया कि पुलिस को तलाशी में सोनिया चौधरी, सोनिया बानो, प्रज्ञा शर्मा आदि कई नामों के आधार कार्ड के अलावा धर्म विशेष के ग्रंथ, एक हथियार और दो मोबाइल फोन भी बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया।
साध्वी प्राची ने आरोप लगाया कि उन्हें संदेह है कि उनके खिलाफ कोई बड़ी साजिश हो रही है, जिसका उन्हें समय रहते पता चल गया। उन्होंने कहा कि उनकी जान को खतरा बना हुआ है। साध्वी ने पुलिस से पूरे प्रकरण की जांच करने की मांग करते हुए सुरक्षा मुहैया कराने की गुहार लगाई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved