
मुंबई। शिवसेना के सांसद संजय राउत ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एक अहम अपील की। उन्होंने पीएम मोदी से ईरान और इस्राइल के बीच चल रहे संघर्ष में दखल देने और युद्ध को तुरंत रुकवाने को कहा। राउत ने ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई की मौत पर भारत सरकार की चुप्पी की कड़ी आलोचना की। उन्होंने खामेनेई को भारत का सच्चा दोस्त बताया।
पत्रकारों से बातचीत में राउत ने पीएम को घेरते हुए कहा, मोदी जी एक विश्व नेता और ‘विश्वगुरु’ हैं। उन्हें ईरान-इस्राइल की लड़ाई रुकवानी चाहिए। मोदी जी को अपने दोस्तों से कहना चाहिए कि वे इस हिंसा को खत्म करें। राउत ने आगे कहा कि अयातुल्ला अली खामेनेई को पूरी दुनिया मानती थी। वे भारत के ऐसे दोस्त थे जिन्होंने हमेशा हमारे देश का साथ दिया। वे पंडित नेहरू के भी प्रशंसक थे। राउत ने सवाल उठाया कि क्या मोदी जी इसी बात पर नाराज हैं? उन्होंने पूछा कि जब इतने बड़े नेता की हत्या होती है, तो भारत के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति दुख क्यों नहीं जताते? क्या वे इस्राइल या राष्ट्रपति ट्रंप से डरते हैं?
यह पूरा विवाद तब बढ़ा जब 28 फरवरी को इस्राइल और अमेरिका ने ईरान पर ‘ऑपरेशन रोरिंग लायन’ और ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ के नाम से मिसाइल हमले किए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरानी मीडिया ने इस बात की पुष्टि की है कि इन हमलों में अयातुल्ला अली खामेनेई के साथ उनकी बेटी, पोता, बहू और दामाद की भी मौत हो गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved