नई दिल्ली (New Delhi)। दिल्ली और पंजाब में सरकार चला रही आम आदमी पार्टी (AAP) ने अब हरियाणा विधानसभा चुनाव (Haryana Assembly Elections) में उतरने का ऐलान किया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Punjab Chief Minister Bhagwant Mann) ने कहा कि अरविंद केजरीवाल हरियाणा के ही रहने वाले हैं। राज्य में आम आदमी पार्टी सभी सीटों पर उतरेगी और तैयारी पूरी है। इस दौरान संजय सिंह ने कहा कि हरियाणा के लोगों को अब अरविंद केजरीवाल से ही उम्मीद है। पार्टी का कहना है कि हरियाणा में 20 जुलाई को गारंटी कार्ड जारी किया जाएगा। यह घोषणा पत्र की तरह होगा, जिसमें हरियाणा की जनता से कुछ वादे किए जाएंगे और चुनाव जीतने पर उन्हें पूरा करने की गारंटी दी जाएगी। इस दौरान अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीत केजरीवाल भी मौजूद रहेंगी।
संदीप पाठक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘आम आदमी पार्टी हरियाणा में ऐसा चुनाव लड़ेगी कि दुनिया देखेगी। ऐसा चुनाव ना कभी हरियाणा में लड़ा गया होगा और ना ही लड़ा जाएगा। हम यहां सरकार बनाने के लिए चुनाव लड़ेंगे। हम अब तक 6500 गांव में बदलाव जनसंवाद कर चुके हैं। इसमें जनता हमसे यही कह रही है कि कैसे भी बदलाव लेकर आइए।’ उन्होंने कहा कि हम पूरी ताकत से हर बूथ पर लड़ेंगे। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय सिंह, भगवंत मान भी मौजूद थे। पाठक ने कहा कि हम 20 तारीख को टाउनहॉल करेंगे और हरियाणा के लिए केजरीवाल की गारंटी लॉन्च की जाएगी।
हरियाणा के लोगों को अरविंद केजरीवाल पर है गर्व
भगवंत मान ने कहा कि हरियाणा के लोगों को इस बात का गर्व है कि उनके यहां के अरविंद केजरीवाल दिल्ली जाकर चुनाव लड़ते हैं और पूरे देश की राजनीति को बदल देते हैं। हरियाणा के लोगों ने हमसे यहां चुनाव लड़ने की गुज़ारिश की और वह बदलाव चाहते हैं। हम आने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव पूरी ताक़त से लड़ेंगे। मान ने कहा कि हम 10 साल के अंदर ही राष्ट्रीय पार्टी बने हैं। हमें गुजरात में 14 फीसदी वोट मिले थे और 5 विधायक जीते। हम सबसे तेजी से बढ़ती हुई पार्टी हैं।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved