
इंदौर (Indore)। देश के उत्तरी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का असर कल रात से इंदौर में भी नजर आ सकता है, जिसके कारण यहां भी कड़ाके की ठंड पड़ेगी। अभी रात को 19 डिग्री के करीब चल रहा पारा गिरकर 16 डिग्री तक जा सकता है। वहीं दिन के तापमान में भी कमी देखने को मिलेगी।
दो दिनों से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है, वहीं आज सुबह से उत्तर भारत के दिल्ली सहित कई राज्यों में बारिश शुरू हो गई है। इसके कारण वहां तापमान में गिरावट आई है। इस समय इंदौर सहित मध्यभारत में आने वाली हवाओं का रुख उत्तरी होने के कारण इंदौर में भी कल से इसका असर नजर आएगा और तापमान में गिरावट आएगी, जिससे यहां रात को तीखी ठंड महसूस होगी। ठंड का यह दौर आगे भी लगातार बना रहेगा।
कल रात तापमान उछला
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा था, वहीं रात का न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा था। यह परसों रात की अपेक्षा भी 1 डिग्री ज्यादा था। इस दौरान 11 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलीं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved