
तिरुवनंतपुरम। कांग्रेस (Congress) के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सांसद शशि थरूर (Shashi Tharoor) शुक्रवार शाम केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम (Thiruvananthapuram) के एक निजी होटल की लिफ्ट में करीब 15 मिनट तक फंसे रहे। वह यहां ‘रोटरी क्लब ऑफ त्रिवेंद्रम ईस्ट’ के स्थापना समारोह में शामिल होने पहुंचे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही होटल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची अग्निशमन एवं बचाव सेवा (फायर एंड रेस्क्यू सर्विसेज) की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थरूर और उनके साथ मौजूद अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शाम 7:37 बजे सूचना मिली कि सांसद होटल की लिफ्ट में फंस गए हैं। इसके बाद तत्काल रेस्क्यू टीम को मौके पर रवाना किया गया। शुरुआती प्रयास में होटल कर्मचारी और अन्य लोग लोहे की रॉड से लिफ्ट का दरवाजा खोलने की कोशिश करते रहे, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।
जांच में सामने आया कि तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट निर्धारित मंजिल तक नहीं पहुंच सकी थी। इसी वजह से उसका ऑटोमैटिक डोर लॉक हो गया। लिफ्ट मैकेनिक भी दरवाजा खोलने में सफल नहीं हो सके।
हाइड्रोलिक स्प्रेडर से खुला लिफ्ट का दरवाजा
मौके पर पहुंची फायर टीम ने आधुनिक हाइड्रोलिक स्प्रेडर की मदद से कुछ ही मिनटों में लिफ्ट के दरवाजे को खोल दिया। शाम 7:51 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन सफल रहा और शशि थरूर सुरक्षित बाहर आ गए।
बाहर निकलते ही थरूर ने मुस्कुराते हुए राहत की सांस ली और रेस्क्यू टीम की सराहना करते हुए कहा, “आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद। वेल डन! आपने शानदार काम किया है।” अधिकारियों द्वारा हालचाल पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि लिफ्ट में मौजूद सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।
घटना के बाद थरूर ने बचाव दल के सदस्यों को चाय पीने का निमंत्रण भी दिया, लेकिन अधिकारियों ने विनम्रतापूर्वक धन्यवाद देते हुए अपनी ड्यूटी पर लौटना उचित समझा। बाद में सांसद ने त्वरित और सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए अग्निशमन कर्मियों को सम्मानित भी किया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved