भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

शिवराज की विकास यात्रा वर्सेस कमलनाथ का जोड़ो अभियान

  • विधानसभा चुनाव की तैयारी में भाजपा-कांग्रेस, प्रचार में एक-दूसरे से आगे निकलने में झोंकेंगे ताकत

भोपाल। विधानसभा चुनाव के साल में फरवरी आते-आते पूरा माहौल राजनीतिक रंग में आ जाएगा। शिवराज सरकार पांच फरवरी से अपनी विकास यात्रा से आम आदमी से योजनाओं के लाभ पर संवाद करेगी, तो वहीं कांग्रेस 26 जनवरी से ही प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ की अगुआई में मतदाताओं से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान से सरकार बनाने के दावे को मजबूत करने में लग जाएगी। यात्राओं के इस दौर से दोनों दल एक-दूसरे से आगे निकलने में ताकत झोंकेंगे, वहीं शहर से लेकर गांवों तक राजनीतिक सरगर्मी दिखाई देगी। राजनीतिक दृृष्टि से भाजपा-कांग्रेस के इस शक्ति प्रदर्शन में छिंदवाड़ा की भूमिका अहम रहेगी। कमलनाथ का गढ़ होने से इस समय कांग्रेस का सातों विधानसभा सीट पर कब्जा है।



कांग्रेस इस प्रदर्शन को पुन: प्रदेश में सत्ता वापसी के लिए दोहराना चाह रही है। इधर, भाजपा के प्रदेश से लेकर स्थानीय नेता-कार्यकर्ता तक इन सीट को जीतने की संगठनात्मक रणनीति बना रहे हैं। पार्टी की गतिविधियां भी फरवरी से तेज हो जाएंगी। शिवराज सरकार ने पांच फरवरी से विकास यात्रा निकालने का ऐलान किया है। इस 15 दिवसीय यात्रा में सरकारी योजनाओं की सफलता शहर से लेकर गांव तक पहुंचाई जाएंगी। इसमें सरकारी तंत्र भी हिस्सा होगा। पार्टी के पदाधिकारी भी इस यात्रा को मजबूत करेंगे और पार्टी के दोबारा सरकार बनाने के लक्ष्य को जनता तक पहुंचाएंगे। इस यात्रा की तैयारी के लिए भोपाल मुख्यालय से आदेश आ गए हैं। इस यात्रा से पार्टी की गतिविधियां नवम्बर तक चलती रहेंगी।

कांग्रेस भी चलाएगी हाथ से हाथ जोड़ो अभियान
भाजपा की विकास यात्रा से पहले कांग्रेस आगामी 26 जनवरी से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत कर रही है। इसका शुभारंभ भोपाल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ करेंगे। अभियान प्रदेश में दो स्तर पर करीब दो माह चलाया जाएगा, जिसमें हर जिला मुख्यालय पर एक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, वहीं गांव और ब्लाक स्तर पर कार्यक्रम होंगे। जिसमें हर गांव और पोलिंग बूथ को दायरे में लिया जाएगा। गांव-गांव में राष्ट्रध्वज और कांग्रेस का झंडा फहराकर यात्रा शुरू होगी, घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया जाएगा।

Share:

Next Post

बिजली बिल नहीं चुकाया तो एक क्लिक पर ही कट जाएगा कनेक्शन

Sun Jan 22 , 2023
प्रीपेड मीटर भी लगेंगे,जल्द खत्म होगी मीटर रीडिंग की मौजूदा प्रणाली भोपाल। बिजली बिल नहीं चुकाना अब बहुत भारी पड़ेगा. बकायादार का कनेक्शन कंपनी अपने कंट्रोल रूम से एक क्लिक से काट देगी। कंपनी गोविंदपुरा स्थित कंट्रोल रूम में इसके लिए काम करवा रही है। यहां हर मीटर पर नजर रखी जाएगी और बकाया होने […]