
डेस्क: 27 फरवरी को MCX पर चांदी की कीमत में सीधे 8,000 रुपए का उछाल आया. इसकी बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु मुद्दे पर बातचीत बेनतीजा रही. इस अनिश्चितता से जियोपॉलिटिकल टेंशन बरकरार रही. इसी समय अमेरिकी डॉलर करीब तीन हफ्ते के ऊंचे स्तर के पास रहा. हालांकि, डॉलर मजबूत होने से सोने की कीमतों में ज्यादा बढ़त नहीं हो पाई, क्योंकि डॉलर में तय कीमत वाला सोना अन्य देशों के निवेशकों के लिए महंगा हो जाता है. MCX पर चांदी की कीमत 3.2% यानी 8,340 रुपये बढ़कर 2,68,009 रुपये प्रति किलो हो गई. वहीं MCX गोल्ड 0.3% बढ़कर 1,60,234 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया.
जिनेवा में अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर अप्रत्यक्ष बातचीत गुरुवार को हुई. मध्यस्थता कर रहे ओमान ने दावा किया कि बातचीत ठीक रही, लेकिन कई घंटों की चर्चा के बाद भी कोई ठोस नतीजा नहीं निकला. खासकर मध्य-पूर्व में बढ़ती सैन्य गतिविधियों के बीच अमेरिका की संभावित सैन्य कार्रवाई को पूरी तरह टालने का कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला. अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बना हुआ है.
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से क्षेत्र में अमेरिकी सेना की मौजूदगी बढ़ाने के आदेश के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को चेतावनी दी है. इसी अनिश्चित माहौल ने चांदी की कीमतों को मजबूती दी है. इस बीच अमेरिका में ब्याज दरों में जल्द कटौती की उम्मीद कमजोर पड़ती दिखी. फेडरल रिजर्व चेयर पद के लिए नामित केविन वार्श के सामने तुरंत दर कटौती का रास्ता मुश्किल हो सकता है. अमेरिकी अर्थव्यवस्था की मजबूती, कंपनियों के सीईओ का बढ़ता भरोसा और केंद्रीय बैंक के सख्त रुख ने तेज दर कटौती की उम्मीदों को कम किया है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved