
उज्जैन। आज कार्तिक पूर्णिमा से शिप्रा नदी किनारे कार्तिक मेले की शुरुआत हो गई है लेकिन आज और कल ग्रामीणों की भीड़ रहेगी। बड़ी संख्या में ग्रामीण जनता उज्जैन आई है। मेले तक पहुंचने के रास्तों पर चल रहे सड़क चौड़ीकरण और निर्माण कार्यों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। पुराने शहर से मेले तक पहुंचने के लिए लोगों को कई किलोमीटर घूमकर वैकल्पिक रास्तों से जाना पड़ रहा है। दानी गेट से ढाबा रोड होते हुए मेले तक पहुंचने वाला मार्ग छोटे पुल के निर्माण के कारण प्रभावित है, वहीं केडी गेट से जूना सोमवारिया और बड़े पुल की ओर जाने वाला रास्ता भी चौड़ीकरण की जद में आए मकानों को तोडऩे के कारण बंद है। ऐसे में कार्तिक मेले में पहुंचने के लिए लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है। कार्तिक मेले तक पहुंचने के प्रमुख मार्गों में शामिल ढाबा रोड से दानी गेट होते हुए जाने वाले रास्ते पर छोटे पुल का निर्माण चल रहा है। यहां आवागमन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तो की गई है, लेकिन ढाबा रोड तक पहुंचने के लिए भी लोगों को सीधे रास्ते के बजाय कंठाल, सती गेट और छत्री चौक होकर जाना पड़ रहा है। इसकी वजह तेलीवाड़ा चौराहे से मिर्जा नई बाग मार्ग होते हुए छत्री चौक और लोहे की पानी की टंकी चौराहे तक चल रहा चौड़ीकरण कार्य है। सड़क की जद में आ रहे निर्माणों को हटाने के कारण इस मार्ग पर बैरिकेडिंग कर आवागमन बंद किया गया है। इसका असर कार्तिक मेले तक पहुंचने वाले लोगों पर भी पड़ रहा है।
केडी गेट से पत्ती बाजार तक का रास्ता भी बंद
इधर बुधवारिया से केडी गेट होते हुए जूना सोमवारिया और बड़े पुल की ओर जाने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। केडी गेट से जूना सोमवारिया और पत्ती बाजार तक सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे मकानों में तोडफ़ोड़ के चलते रास्ता बंद है। ऐसे में पुराने शहर के लोगों को पिपलीनाका चौराहे से जूना सोमवारिया होते हुए बड़े पुल तक पहुंचना पड़ रहा है। इसी रास्ते से लोग कार्तिक मेले तक पहुंच रहे हैं। शहर के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले लोगों को रास्तों की जानकारी नहीं होने पर भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
19 में से 13 प्लाट खाली, बड़े झूले लगने पर संशय
मेले की रौनक बढ़ाने वाले बड़े झूले भी अभी पूरी तरह नहीं लग पाए हैं। झूला क्षेत्र में बड़े झूलों के लिए नगर निगम ने 19 प्लाट रखे हैं, लेकिन टेंडर की दरें पिछले साल के मुकाबले चार से पांच गुना तक बढऩे के कारण झूला संचालकों ने रुचि नहीं दिखाई। सोमवार शाम तक केवल छह झूला संचालकों ने ही टेंडर लिए थे, जबकि 13 प्लाट अब भी खाली हैं। ऐसे में मेले में बड़े झूले लगेंगे या नहीं, इसे लेकर संशय बना हुआ है।
मीना बाजार और अन्य दुकानों को जमने में लगेंगे तीन-चार दिन
मेले में अभी मीना बाजार, खानपान की दुकानें और अन्य व्यावसायिक दुकानें भी पूरी तरह नहीं लग पाई हैं। दुकानदार अपनी दुकानें सजाने में जुटे हैं। माना जा रहा है कि अगले तीन-चार दिनों में मेला क्षेत्र में दुकानें पूरी तरह व्यवस्थित हो पाएंगी। हालांकि बड़े झूलों के प्लाट खाली रहने और रास्तों की परेशानी के चलते फिलहाल मेले में अपेक्षित रौनक नजर नहीं आ रही है। कुल मिलाकर कार्तिक पूर्णिमा से एक महीने तक चलने वाला पारंपरिक कार्तिक मेला शुरू तो हो गया है, लेकिन शहर में चल रहे चौड़ीकरण और निर्माण कार्यों के कारण मेले तक पहुंचना ही लोगों के लिए चुनौती बन गया है। एक ओर रास्तों पर बैरिकेडिंग और वैकल्पिक मार्गों के कारण आवाजाही प्रभावित है, वहीं दूसरी ओर बड़े झूले और दुकानें नहीं लगने से मेला अभी अधूरा नजर आ रहा है। आने वाले दिनों में निर्माण कार्यों के बीच आवागमन की व्यवस्था और मेले की तैयारियां कितनी बेहतर हो पाती हैं, इस पर ही इसकी रौनक निर्भर करेगी।
कार्तिक मेले में आज से 70 पुलिसकर्मी ड्यूटी करेंगे, चौकी बनाई
उज्जैन। कार्तिक मेले की शुरुआत हो चुकी है और आज कार्तिक पूर्णिमा पर मेले में ग्रामीणों की भीड़ जुटेगी तथा शिप्रा नदी में स्नान के साथ दीपदान भी होगा। मेेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए आज से 70 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जा रही है और एक चौकी स्थापित की जा रही है। महाकाल टीआई गगन बादल ने बताया कि पूरे कार्तिक मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए 70 पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई जा रही है जिनमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। आज से कार्तिक मेले में भीड़ लगना शुरू हो जाएगी और बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालु मेला देखने पहुँचेंगे। सुबह से शिप्रा नदी में कार्तिक पूर्णिमा का स्नान चल रहा है और दीपदान का सिलसिला शुरू हो गया है और देर रात तक शिप्रा नदी में दीपदान भी चलेगा। ऐसे में शिप्रा नदी के घाटों सहित पूरे मेला परिसर में सुरक्षा के लिए पुलिस जवान लगाए गए हैं। पुलिसकर्मी चोर, जेबकतरों सहित छेड़छाड़ करने वालों पर निगरानी रखेंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved