
भोपाल। भोपाल नगर निगम तंगहाली के दौर से गुजर रहा है। वहीं दूसरी तरफ सफाई व्यवस्था की दुरुस्ती के लिए जरूरी ठोस अपशिष्ट प्रबंधन उपभोक्ता प्रभार राशि की वसूली नगर निगम नहीं कर पा रहा है। अब तक सिर्फ 18.63 प्रतिशत राशि की वसूली हो पाई है।
शहर के सभी 19 जोन में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन उपभोक्ता प्रभार के कुल तीन लाख 56 हजार 769 खाते हैं। इनसे उपभोक्ता प्रभार 18 करोड़ 18 लाख 32 लाख 324 रुपये की राशि की वसूली की जानी है। आश्चर्य की बात तो यह है कि निगम सिर्फ 50 हजार 843 खातों में से मात्र तीन करोड़ 38 लाख 79 हजार 446 रुपये की राशि ही वसूल कर पाया है। मतलब बीते पांच माह में तीन लाख पांच हजार 926 खातों पर 15 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है। 23 लाख आबादी वाले भोपाल में करीब साढ़े छह हजार सफाई कर्मचारी काम करते हैं। अफसर बताते हैं कि यह संख्या शहर के विस्तार के हिसाब से कम है। इसके अलावा कचरा प्रबंधन के लिए संसाधन भी सीमित हैं। इनमें कचरा वाहन, कचरा ट्रांस्फर स्टेशन, कचरे के निष्पादन व सफाई के लिए आधुनिक मशीनें व उपकरण आदि शामिल है। आदमपुर छावनी स्थित लैंडफिल साइट, अत्याधुनिक स्लॉटर हाउस, भानपुर खंती, प्लास्टिक वेस्ट जैसे बड़े प्रोजेक्टों पर निगम की आर्थिक तंगी हावी रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved