
नई दिल्ली। दिल्ली (Delhi) के जंतर-मंतर (Jantar Mantar) पर युवाओं (Youth) की बड़ी भागीदारी वाले हालिया प्रदर्शन के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने नई पीढ़ी से सीधे संवाद की पहल करने का फैसला किया है। इसी कड़ी में संघ प्रमुख मोहन भागवत (Mohan Bhagwat) 6 अगस्त को देश के 100 से अधिक शहरों के छात्रों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत करेंगे। इस कार्यक्रम में 15 से 19 वर्ष आयु वर्ग के करीब दो हजार से अधिक छात्रों के शामिल होने की संभावना है।
यह संवाद इंडियाज इंटरनेशनल मूवमेंट टू यूनाइटेड नेशन्स (IIMUN) की 15वीं वर्षगांठ पर आयोजित वार्षिक चैंपियनशिप कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन अवसर पर होगा। कार्यक्रम का आयोजन मुंबई के अंबानी सेंटर में किया जाएगा, जबकि देशभर के विभिन्न शहरों से छात्र डिजिटल माध्यम से इसमें शामिल होंगे।
Gen-Z और Gen Alpha पर रहेगा फोकस
RSS के अनुसार, IIMUN की स्थापना वर्ष 2011 में हुई थी और इसका संचालन युवा स्वयं करते हैं। संगठन का दावा है कि अब तक 40 से अधिक देशों के लगभग 7.5 करोड़ युवा इससे जुड़ चुके हैं। इस संवाद का उद्देश्य विशेष रूप से Gen-Z (1997-2012 में जन्मे) और Gen Alpha (2010-2024 में जन्मे) युवाओं के विचारों और अपेक्षाओं को समझना है।
युवाओं से संवाद की जरूरत पर जोर
हाल के दिनों में मोहन भागवत कई मंचों से यह कह चुके हैं कि बदलते समय के साथ समाज और संस्थाओं को भी बदलना चाहिए। उनका मानना है कि संवाद के जरिए ही नई पीढ़ी की सोच और चुनौतियों को बेहतर ढंग से समझा जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा था कि अनुभव सबसे बड़ा शिक्षक होता है और युवाओं के साथ निरंतर बातचीत आवश्यक है।
नई पीढ़ी को समझने की पहल
संघ का मानना है कि नई पीढ़ी अपने विचार खुलकर रखती है और विभिन्न मुद्दों पर सवाल भी करती है। ऐसे में युवाओं के साथ सकारात्मक संवाद स्थापित करना समय की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देशभर के छात्र सीधे संघ प्रमुख से संवाद करेंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved