img-fluid

तमिलनाडु में सत्ता परिवर्तन की अटकलें तेज, डीएमके ने किया जल्द सरकार बनाने का दावा

November 17, 2026

चेन्नई। तमिलनाडु में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय (C. Joseph Vijay) की सरकार को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। एक ओर मुख्यमंत्री विजय (Vijay) दिल्ली दौरे पर थे, वहीं दूसरी ओर प्रमुख विपक्षी दल द्रविड़ मुन्नेत्र कझगम (DMK) ने जल्द ही राज्य में अपनी सरकार बनने का दावा कर दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन के इस बयान के बाद राज्य में सत्ता परिवर्तन की अटकलें तेज हो गई हैं।

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब हाल ही में मुख्यमंत्री विजय द्वारा अपनी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के विधायकों की बैठक बुलाए जाने की खबरें आई थीं। बताया गया था कि बैठक में विधायकों को सरकार गिराने की संभावित कोशिशों को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई थी। हालांकि, टीवीके की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

स्टालिन बोले- जल्द बनेगी डीएमके की सरकार

डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने सोमवार को पार्टी नेता केएन नेहरू के परिवार में आयोजित एक विवाह समारोह में मौजूदा राजनीतिक हालात पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि उनके समर्थक आज भी उन्हें मुख्यमंत्री और केएन नेहरू को मंत्री कहकर संबोधित करते हैं, जबकि फिलहाल दोनों के पास कोई सरकारी पद नहीं है।

स्टालिन ने कहा कि मौजूदा टीवीके सरकार का प्रशासन ठीक नहीं चल रहा है। उन्होंने समर्थकों से उन्हें मुख्यमंत्री कहकर संबोधित नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि ऐसा सुनकर उन्हें दुख और शर्मिंदगी महसूस होती है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि डीएमके जल्द ही राज्य में फिर से सरकार बनाएगी।



  • विजय ने विधायकों के साथ की थी तीन घंटे बैठक

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुख्यमंत्री विजय ने 12 नवंबर को पार्टी विधायकों के साथ करीब तीन घंटे तक बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने विधायकों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत भी की। बताया गया कि उन्होंने 10 विधायकों के एक समूह के साथ अलग से चर्चा की थी।

    रिपोर्ट के अनुसार, बैठक में 13 नवंबर की तारीख को लेकर विशेष रूप से चर्चा हुई। एक विधायक के हवाले से बताया गया कि 13 मई को हुए विश्वास मत के छह महीने पूरे होने के बाद विपक्ष दोबारा अविश्वास प्रस्ताव ला सकता है। विधायकों को आशंका जताई गई कि 13 नवंबर के बाद कभी भी ऐसा प्रस्ताव लाया जा सकता है। हालांकि, विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव लाने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

    विपक्ष पर विधायकों को तोड़ने की कोशिश का आरोप

    रिपोर्ट्स के मुताबिक, बैठक में विधायकों को बताया गया कि सरकार के पास ऐसी सूचनाएं हैं कि विपक्ष सत्तारूढ़ दल के नेताओं और विधायकों को अपने पाले में लाने की कोशिश कर सकता है। इसमें डीएमके और एआईएडीएमके की ओर से दिल्ली के राजनीतिक संपर्कों के जरिए कोशिश किए जाने की आशंका भी जताई गई।

    विधायकों को सतर्क रहने और ऐसा कोई राजनीतिक कदम नहीं उठाने की सलाह दी गई, जिससे उनका राजनीतिक भविष्य प्रभावित हो सकता है।

    स्टालिन पहले भी कर चुके हैं सरकार गिरने की भविष्यवाणी

    तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजे चार मई को घोषित हुए थे। इसके बाद विजय के नेतृत्व में टीवीके ने सरकार बनाई और उसे कांग्रेस सहित वामदलों तथा अन्य सहयोगी दलों का समर्थन मिला। सरकार को शुरुआती दौर में ही विधानसभा में विश्वास मत का सामना करना पड़ा था।

    स्टालिन इससे पहले अक्टूबर में भी विजय सरकार के भविष्य पर सवाल उठा चुके हैं। उन्होंने कहा था कि पहले उन्हें लगता था कि सरकार छह महीने चलेगी, लेकिन मौजूदा हालात देखकर अब ऐसा भी मुश्किल नजर आ रहा है।

    सोनिया गांधी की किताब के विमोचन में शामिल हुए विजय

    इस बीच मुख्यमंत्री विजय सोमवार को दिल्ली पहुंचे थे। यहां वह कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ के विमोचन समारोह में शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव में बहुमत से पीछे रह गई टीवीके को सरकार बनाने के लिए कांग्रेस का समर्थन मिला था। इसके अलावा वामदलों सहित कई अन्य दल भी विजय सरकार को समर्थन दे रहे हैं।

    फिलहाल डीएमके के दावे और टीवीके विधायकों की बैठक के बाद तमिलनाडु की राजनीति में नए सियासी समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, सरकार पर वास्तविक संकट कितना गहरा है, यह आने वाले दिनों में विधानसभा की राजनीतिक गतिविधियों से ही स्पष्ट होगा।

    Share:

  • कैलिफोर्निया सरकार ने OpenAI पर ठोका मुकदमा, AI मॉडल से साइबर हमले कराने का आरोप

    Tue Nov 17 , 2026
    नई दिल्ली। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। कैलिफोर्निया (California) के अटॉर्नी जनरल रॉब बोंटा (Attorney General Rob Bonta) ने सोमवार को कंपनी के खिलाफ मुकदमा दायर किया। आरोप है कि OpenAI ने पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और निगरानी के बिना खतरनाक AI उत्पाद विकसित किया, जिसके एक मॉडल ने […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved