
नई दिल्ली। भारत (India) में हवाई यात्रा (Air travel) की मांग तेजी से बढ़ रही है। यात्रियों (Passengers) की बढ़ती संख्या को देखते हुए एयरलाइन कंपनियों (Airline Companies) को अपने बेड़े में नए विमान (Plane) शामिल करने की जरूरत है। इसी बीच केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत में विमानों की जरूरत पूरी करने के लिए 1,000 और सिविल एयरक्राफ्ट के ऑर्डर दिए जा सकते हैं। देश पहले ही 1,200 से अधिक विमानों के ऑर्डर दे चुका है, लेकिन भविष्य की मांग को देखते हुए कुल जरूरत 2,000 से ज्यादा विमानों की होगी।
पीयूष गोयल इन दिनों दो दिवसीय मिस्र यात्रा पर हैं। सोमवार को वहां पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि भारत अपनी विमानन जरूरतों को पूरा करने के लिए अतिरिक्त विमानों का ऑर्डर देने को तैयार है। उन्होंने कहा, ‘हम 1,000 और विमानों का ऑर्डर देने के लिए तैयार हैं। अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए हमें 2,000 से ज्यादा विमानों की जरूरत है।’
मंत्री ने बताया कि सरकार एयरबस और बोइंग जैसी प्रमुख विमान निर्माता कंपनियों के संपर्क में है। कोशिश है कि पहले से दिए गए ऑर्डर के विमानों की डिलीवरी जल्द मिल सके। दरअसल, विमानों की सीमित उपलब्धता के कारण एयरलाइंस के लिए नई उड़ानें शुरू करना और अपने नेटवर्क का विस्तार करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
भारत-मिस्र के बीच बढ़ेंगी हवाई सेवाएं
पीयूष गोयल ने भारत और मिस्र के बीच हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच उड़ानों की संख्या बढ़ाने के लिए अतिरिक्त विमानों की आवश्यकता है। जैसे-जैसे एयरलाइंस को नए विमान मिलेंगे, मिस्र के लिए भी अधिक उड़ानें शुरू करने की संभावनाएं बढ़ेंगी। फिलहाल इजिप्टएयर (EgyptAir) भारत और मिस्र के बीच सीधी उड़ानों का संचालन करती है।
इंडिगो और एअर इंडिया ने दिए बड़े ऑर्डर
भारत दुनिया के तेजी से बढ़ते नागरिक विमानन बाजारों में शामिल है। हवाई यात्रियों की संख्या में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए देश की प्रमुख एयरलाइंस इंडिगो और एअर इंडिया ने एयरबस तथा बोइंग को बड़ी संख्या में विमानों के ऑर्डर दिए हैं। इन विमानों के जरिए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह के रूट पर बढ़ती यात्री मांग को पूरा करने की योजना है।
हालांकि, विमान खरीदने का ऑर्डर देने और उनकी वास्तविक डिलीवरी मिलने के बीच लंबा समय लगता है। यही वजह है कि भारत विमान निर्माता कंपनियों से पहले दिए गए ऑर्डर की आपूर्ति जल्द करने की मांग कर रहा है।
भारत में भी बढ़ रहा विमान निर्माण का कारोबार
भारत की रणनीति केवल दूसरे देशों से विमान खरीदने तक सीमित नहीं है। सरकार देश में विमान निर्माण और उससे जुड़े उद्योगों को भी बढ़ावा देने पर जोर दे रही है। एयरबस की भारत में दो फाइनल असेंबली लाइन हैं। इनमें से एक सैन्य परिवहन विमानों और दूसरी हेलीकॉप्टरों के लिए है।
बोइंग और एयरबस दोनों कंपनियां भारत से हर साल करीब 2 अरब डॉलर के कलपुर्जे और सेवाएं खरीदती हैं। वहीं, ब्राजील की विमान निर्माता कंपनी एम्ब्रेयर ने अदाणी ग्रुप के साथ रणनीतिक साझेदारी की है। इसके तहत भारत में रीजनल विमानों के निर्माण की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।
इसके अलावा कई बड़ी अंतरराष्ट्रीय एयरोस्पेस कंपनियां भी भारत में अपनी मौजूदगी बढ़ा रही हैं। सरकार का लक्ष्य विमान निर्माण, कलपुर्जों की आपूर्ति और इससे जुड़े अन्य कारोबार का विस्तार करना है।
विशेषज्ञता और औद्योगिक क्षमता बढ़ने के साथ देश में विमान निर्माण क्षेत्र को भी गति मिल सकती है। वहीं, नए विमानों की उपलब्धता बढ़ने से एयरलाइंस को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का विस्तार करने में मदद मिलेगी। इससे यात्रियों को अधिक उड़ानों और यात्रा के विकल्प मिलने की उम्मीद है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved