खेल

खेल मंत्री रिजिजू ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के लिए दी जाने वाली पुरस्कार राशि को बढ़ाने का लिया निर्णय

नई दिल्ली। केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने आज राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के लिए दी जाने वाली पुरस्कार राशि को बढ़ाने का निर्णय लिया है।

मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर स्टेडियम स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर श्रद्धांजलि देने के बाद खेल मंत्री ने कहा ,“हमने फैसला लिया है कि खेल पुरस्कार और एडवेंचर की पुरस्कार राशि को बढ़ाया जाए। हमने खेल की पुरस्कार राशि को बढ़ा दिया है और एडवेंचर की पुरस्कार राशि को एक-दो दिन में बढ़ाया जाएगा।”

रिजिजू ने कहा, “खेल और साहसिक पुरस्कारों के लिए पुरस्कार राशि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न की पुरस्कार राशि 25 लाख रुपये और अर्जुन पुरस्कार की राशि 15 लाख रुपये की गई है।”

बता दें कि खेल रत्न के लिए अब तक साढ़े सात लाख रुपये मिलते रहे हैं।जबकि अर्जुन पुरस्कार के लिए खिलाड़ियों को पांच लाख रुपये दिए जाते हैं। भारत के सीमित ओवरों के उपकप्तान रोहित शर्मा उन पांच खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्हें खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उनके अलावा इस पुरस्कार से सम्मानित होने वाले अन्य खिलाड़ियों में टेबल टेनिस स्टार मनिका बत्रा, एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता विनेश फोगट, पैरा-एथलीट मारियाप्पन थंगावेलु और भारतीय महिला हॉकी कप्तान रानी रामपाल शामिल हैं। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड महिला टीम सितंबर में होंगी आमने सामने

Sat Aug 29 , 2020
मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की महिला टीमें कोरोनावायरस महामारी के बीच मार्च के बाद पहली बार मैदान पर खेलती दिखेंगी। दोनों टीमों के बीच तीन टी 20 और इतने ही वन डे मैचों की सीरीज सितंबर में खेली जाएगी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने उक्त जानकारी दी। इसी हफ्ते सीए ने कहा था कि वे कोरोनावायरस […]