
जबलपुर। शहर के सबसे बड़े चौराहे में शामिल दीनदयाल चौक पर लगने वाले भीषण जाम ने लोगों को हलकान कर रखा है। दमोहनाका से कंटगी, पाटन, करमेता की तरफ जाने वाले लोग को जाम से जूझना पड़ रहा है। वहीं विजय नगर व आस-पास के क्षेत्र के नागरिकों को भी रोजाना ही जाम से गुजरना पड़ रहा है। हालांकि राहत की बात ये है कि शहर की बड़ी आबादी को अब दीनदयाल चौक पर बसों की आवाजाही और चुंगी नाका के पास लगने वाले भीषण जाम से मुक्ति मिल गई है।
45 करोड़ से बनी, 48 मीटर चौड़ी है सड़क
जेडीए अधिकारियों के अनुसार एसआर-3 सड़क करीब 45 करोड़ रुपये से बनकर तैयार हुई है। इसकी लंबाई 2.6 किमी है। जबकि जबकि चौड़ाई 48 मीटर है। कचनारी, मोहनिया, बसहा, अमखेरा, कुदवारी और महाराजपुर क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विकास को गति मिलने की उम्मीद है। जेडीए ने विकास योजनाओं के बजट में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रावधान भी किए हैं। इसके तहत वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने और महत्वपूर्ण परिसरों में सोलर पैनल लगाने की व्यवस्था शामिल है।
तकरीबन पांच किलोमीटर का फेरा हुआ कम
विजय नगर स्थित जीरो डिग्री से शुरू होने वाली यह सड़क मोहनिया, बहदन, बसहा और सिमरिया सहित शहर के कई अन्य क्षेत्रों की बड़ी आबादी के लिए वरदान साबित हो रही है। अभी तक नागरिकों को नागपुर बायपास जाने के लिए दीनदयाल चौक होकर गुजरना पड़ता था, जिसमें करीब 5 से 7 किलोमीटर का अतिरिक्त फेरा लगाना पड़ता था। अब इस नए मार्ग के चालू होने से समय और ईंधन दोनों की भारी बचत होने लगी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved