भोपाल। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा (MP Vishnudutt Sharma) ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को होने वाले जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम के लिए शुक्रवार को जनजातीय संग्रहालय में जनजातीय संपर्क चौपाल लगाकर प्रबुद्धजनों एवं कलाकारों को पीले चावल देकर आमंत्रित किया। प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा के साथ मध्यप्रदेश शासन के मंत्री बिसाहूलाल सिंह उपस्थित थे। प्रदेश अध्यक्ष ने प्रबुद्धजनों एवं जनजातीय कलाकारों से संवाद करते हुए कहा कि दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर भोपाल पधारकर राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस का शुभारंभ करेंगे। इस गौरवशाली क्षण में अधिक से अधिक संख्या में लोग शामिल होंगे। जनजातीय गौरव दिवस ऐतिहासिक दिन होगा। पूर्व में प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा एवं श्री बिसाहूलाल सिंह ने टंट्या भील और भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण किया।
प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि 1857 की क्रांति में टंट्या भील और शंकर शाह, रघुनाथ शाह जैसे आदिवासी वीरों और महान क्रांतिकारियों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर किया था। जनजातीय वर्ग के इन वीरों का आजादी में महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस मनाने का निर्णय लिया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने इस पहल को आगे बढाते हुए भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि गौरव दिवस पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का भोपाल आगमन हम सभी के लिए हर्ष का विषय है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved